हीर एक्सप्रेस का गाना ‘डोरे डोरे दिल पे तेरे’ रिलीज़

चंडीगढ़। ‘हीर एक्सप्रेस’ का नया डांसिंग ट्रैक ‘डोरे डोरे दिल पे तेरे’ मंगलवार को ज़ी म्यूजिक़ कंपनी के जरिए रिलीज़ हो चुका है। इस गाने की खास बात इसकी चुलबुली रोमांटिक केमिस्ट्री, जहां एक ओर लडक़ा प्यार से मनाने की कोशिश करता है, वहीं लडक़ी हंसी-ठिठोली में भाव खा रही है। यही मासूमियत और मस्ती इसे बाकी गानों से अलग बनाती है। रॉयल बर्कशायर (यूके) स्थित डिटन पार्क मैनर में फिल्माए गए इस गाने की हर फ्रेम में ग्लोबल स्टाइल और देसी दिल की झलक मिलती है। गाने में ढोल की बीट, फ्लर्टिंग बॉडी लैंग्वेज और एक ऐसी मॉडर्न, लेकिन दिल से जुडऩे वाली वाइब, जो हर उम्र के दर्शक को कनेक्ट करता है।
गीत को नक्श अज़ीज़ और हरजोत कौर ने गाया है, संगीत दिया तनिष्क बागची ने है और मस्ती से भरे बोल श्लोक लाल ने लिखे हैं। तीनों की जुगलबंदी ने इसे एक डांसिंग एंथम बना दिया है, जो शादी-ब्याह, कॉलेज फंक्शन्स और इंस्टाग्राम रील्स का नया फेवरिट बन सकता है। अगर इस गाने की असली रूह की बात करें, तो वह दिविता जुनेजा हैं। अपने डेब्यू में ही दिविता ने जिस आत्मविश्वास, मासूमियत और नेचुरल स्क्रीन प्रेज़ेंस से सबको चौंकाया है, वो काबिलेतारीफ है। उनका हर एक्सप्रेशन, हर डांस स्टेप किरदार में घुला नजर आता है, जैसे वह एक्टिंग नहीं, उस पल को जी रही हों। फिल्म ‘हीर एक्सप्रेस’ आठ अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है।








