गुरु पूर्णिमा पर्व पर गुरु की हत्या, दो छात्रों ने प्रधानाचार्य को घोंपा चाकू

गुरु पूर्णिमा पर्व पर गुरुवार को हरियाणा के हिसार के बास बादशाहपुर गांव में स्थित करतार मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात के तहत स्कूल के प्रधानाचार्य जगबीर सिंह की दो छात्रों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। इस घटना ने स्कूल परिसर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। वारदात के बाद दोनों छात्र वहां से फरार हो गये। जिस वक्त यह वारदात हुई उस समय स्कूल में पेपर चल रहा था। घायल प्रधानाचार्य को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाये। पुलिस को वारदात में शामिल चाकू मौके पर ही पड़ा मिला है।
स्कूल स्टाफ ने बताया यह बिल्डिंग नारनौंद के पूर्व विधायक सरोज मोर के परिवार की है। इस बिल्डिंग को जगबीर ने दो साल पहले लीज पर लिया था। अचानक हुए हमले से जगबीर ने बचने की कोशिश भी की, लेकिन छात्रों ने उन पर चाकुओं से वार करना जारी रखा। कुछ ही सेकेंड में शरीर कई वार किए। इससे जगबीर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद दोनों आरोपी छात्र चाकू लहराते हुए वहां से भाग गए। वहां मौजूद टीचर और अन्य स्टाफ ने तुरंत घायल जगबीर को एक निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां इलाज के कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई। उधर, घटना के बाद स्कूल की भी छुट्टी कर दी गई। पेपर दे रहे बच्चों को घर भेज दिया गया।








