राहुल गांधी का निशाना, ओडिशा के संसाधनों को अरबपतियों को सौंप रही भाजपा सरकार

लोकसभा में विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को ओडिशा की भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि यह सरकार राज्य की ज़मीन, जल, जंगल और अन्य संसाधनों को अडानी और अंबानी जैसे मु_ी भर अरबपतियों को सौंप रही है।
श्री गांधी ने आज यहां बारामुंडा मैदान में संविधान बचाओ रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यह सरकार जनता की नहीं, बल्कि अडानी जैसे उद्योगपतियों और कुछ अन्य अरबपतियों की है, जो अब राज्य सरकार को चला रहे हैं। इस सरकार ने ज़मीन, खदानें, जंगल और पानी सिर्फ़ चार-पांच बड़े औद्योगिक घरानों को सौंप दिया है। उन्होंने मौजूदा भाजपा और पूर्ववर्ती बीजू जनता दल (बीजद) दोनों सरकारों पर राज्य के संसाधनों का 5-6 निजी कंपनियों द्वारा दोहन करने की अनुमति देने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि यह स्पष्ट है कि ओडिशा में अडानी ही भाजपा सरकार चला रहे हैं। उन्होंने पुरी रथ यात्रा के दौरान अडानी परिवार के लिए भगवान जगन्नाथ के रथ को कथित तौर पर रोके जाने का उदाहरण दिया। उन्होंने जोर दिया कि विकास केवल दो या तीन अरबपतियों के लिए नहीं, बल्कि गरीबों, दलितों और पिछड़े समुदायों के लिए है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फसल बीमा योजना और केंद्र सरकार के धन के नाम पर गरीब किसानों से हजारों करोड़ रुपये लेकर उन्हें बड़े कॉर्पोरेट घरानों को सौंपने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता ने कहा कि ओडिशा की भाजपा सरकार आदिवासियों को उनकी ज़मीन से बेदखल कर रही है और उन्हें जमीन के पट्टों से वंचित कर बड़ी कंपनियों को आवंटित कर रही है। जल, जंगल और जमीन आदिवासियों के हैं और उनके पास ही रहेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगर कांग्रेस राज्य में सत्ता में आई, तो वह आदिवासियों को ज़मीन वापस करेगी।








