ISS से रवाना हुए शुभांशु शुक्ला, मंगलवार को होगी धरती पर वापसी

नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला अन्य तीन साथी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ सोमवार को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से रवाना हो गये। एग्जिओम स्पेस ने इस बात की पुष्टि की है कि एएक्स 4 मिशन में शामिल स्पेसएक्स का ड्रैगन अंतरिक्षयान भारतीय समय के अनुसार दोपहर बाद 4.35 बजे आईएसएस से अलग हो गया। एग्जिओम स्पेस ने बताया कि अब कई चरणों में अंतरिक्षयान के इंजन को चालू कर उसे आईएसएस से दूर ले जाया जाएगा। सेपरेशन के लगभग 22.5 घंटे बाद सभी यात्री अमेरिका के कैलिफोर्निया तट के पास समुद्र में उतरेंगे।
आईएसएस पर जाने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला इस मिशन में पायलट के तौर पर शामिल हुए थे। अपने साथियों के साथ वहां उन्होंने कई अनुसंधान मिशनों को अंजाम दिया, जिनमें इसरो द्वारा तैयार किए गए मिशन भी शामिल थे। खास बात यह है कि भारतीय वायु सेना में टेस्ट पायलट शुक्ला देश के पहले अंतरिक्ष मिशन ‘गगनयान’ के लिए चयनित संभावित क्रू में भी शामिल हैं। वह इस क्रू में एक मात्र ऐसे सदस्य बन गये हैं, जिनके पास अब अंतरिक्ष यात्रा का अनुभव है, जो मिशन के लिए महत्वपूर्ण है।
मिशन की लॉन्चिंग 25 जून को हुई थी और मिशन 26 जून को आईएसएस पहुंचा था। इसके मंगलवार अपराह्न 3.01 बजे धरती पर वापस लौटने की उम्मीद है। ग्रुप कैप्टेन शुभांशु शुक्ला राकेश शर्मा के 41 साल बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय हैं। भारतीय मूल की अमेरिकी नागरिक कल्पना चावला और सुनीत विलियम्स नासा के मिशनों में आईएसएस पर जा चुकी हैं।








