62.6 करोड़ की कोकीन के साथ महिला गिरफ्तार

मुंबई। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दोहा से 62.6 करोड़ रुपए मूल्य की कोकीन की तस्करी करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि यह मादक पदार्थ चॉकलेट के डिब्बों में 300 कैप्सूल में छिपाया गया था। सूत्रों ने बताया कि यह गिरफ्तारी डीआरआई अधिकारियों को मिली एक विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर की गई जिसमें जानकारी मिली कि एक महिला भारतीय नागरिक देश में मादक पदार्थों की तस्करी करने के लिए दोहा से मुंबई आ रही है। खुफिया जानकारी के आधार पर, डीआरआई मुंबई के अधिकारियों ने 14 जुलाई को मुंबई हवाई अड्डे पर महिला यात्री के पहुंचने पर उसे रोक लिया।
उसके सामान की गहन जांच के बाद छह ओरियो और तीन चॉकलेट के डिब्बे बरामद हुए। खोलने पर, सभी नौ डिब्बों में एक सफेद पाउडर जैसा पदार्थ भरा हुआ पाया गया, जिसके बारे में कहा गया कि वह कोकीन है। एक अधिकारी ने बताया कि कुल 300 ऐसे कैप्सूल बरामद किए गए। सभी कैप्सूलों का व्यक्तिगत रूप से परीक्षण किया गया जिसमें कोकीन के लिए सकारात्मक परिणाम सामने आए। कुल 6,261 ग्राम कोकीन बरामद की गयी जिसकी अवैध बाज़ार में अनुमानित कीमत 62.6 करोड़ रुपए है। इसे नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के अंतर्गत ज़ब्त कर लिया गया और संदिग्ध यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है। सूत्रों के अनुसार, आगे की जांच जारी है।








