टेस्ला की भारत में एंट्री, कंपनी ने लांच किए Model Y के दो वेरिएंट, जानें कीमत और फीचर

मुंबई। आखिरकार लंबे इंतजार के बाद एलन मस्क की कंपनी टेस्ला ने भारत में एंट्री कर ली है। कंपनी ने मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में अपना पहला शोरूम खोला। इस मौके पर कंपनी ने अपनी नई इलेक्ट्रिक कार Model Y को भी आधिकारिक तौर पर बिक्री के लिए लांच कर दिया है। टेस्ला के इस पहले शोरूम का शुभारंभ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया। इस मौके पर सीएम फडणवीस ने टेस्ला को भारत में मैन्युफैक्चरिंग शुरू करने के लिए भी आमंत्रित किया।
टेस्ला की इस EV कार की शुरुआती कीमत 59.89 लाख रुपए (एक्स शोरूम) तय की गई है। कंपनी ने इस कार को दो अलग-अलग वेरिएंट में पेश किया है। इस कार को रियल व्हील ड्राइव और लांग रेंज वेरिएंट के साथ बाजार में उतारा जाएगा। टेस्ला ने अपनी इस EV कार की बुकिंग भी शुरू कर दी है। आप इसे कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट और मुंबई स्थित टेस्ला एक्सपीरिएंस सेंटर के जरिए बुक कर सकते हैं।
कंपनी ने वेबसाइट के मुताबिक टेस्ला के Model Y की बुकिंग मुंबई, दिल्ली और गुरुग्राम के लिए शुरू की गई है। मुंबई में इसके एंट्री लेवल मॉडल रियर व्हील ड्राइव वेरिएंट की ऑन रोड कीमत 6107190 रुपए होगी, जिसमें 292818 रुपए GST भी शामिल है। वहीं, इसके लांग रेंज वेरिएंट की ऑन रोड कीमत 6915190 रुपए होगी जिसमें 330913 रुपए GST शामिल है।
बता दें कि कंपनी ने Model Y के रियर व्हील ड्राइव वेरिएंट को भारतीय बाजार में दो अलग अलग बैटरी पैक 60kWh और 75kWH के साथ पेश किया है। इसके RWD वेरिएंट में एक सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर दिया गया है, जो लगभग 295hp की पावर जेनरेट करता है। इसके अलावा 60kWh की बैटरी एक बार चार्ज करने पर 500KM की रेंज देती है। जबकि लॉन्ग रेंज वेरिएंट 622KM की रेंज देती है।
कंपनी का दावा है कि, रियर व्हील ड्राइव वर्जन 5.9 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकता है, वहीं लांग रेंज वर्जन को यही दूरी तय करने में 5.6 सेकंड का समय लगता है। इस कार की बैटरी सुपरचार्जर से महज 15 मिनट में इतनी चार्ज हो जाएगी आपको तकरीबन 238 किमी से 267 किमी तक की ड्राइविंग रेंज मिलेगी।








