अंतर्राष्ट्रीय
चीनी नागरिकों को पांच साल बाद फिर वीजा देगा भारत

नई दिल्ली
भारत सरकार पांच साल बाद चीनी नागरिकों को फिर से वीजा देने जा रही है। यह वीजा चीनी नागरिकों को पर्यटन के लिए दिया जाएगा। कोरोना काल के बाद यह सर्विस बंद हो गई थी। इसके बाद जून 2020 में हुए गलवान संघर्ष ने दोनों देशों के रिश्तों को और खराब कर दिया था। बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास ने इसकी पुष्टि की है। दूतावास ने बताया कि यह प्रक्रिया 24 जुलाई, 2025 से शुरू होगी।
इस जानकारी को चीन की सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स ने भी प्रकाशित किया है, जिसमें कहा गया है कि भारतीय दूतावास ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म वीबो पर इस संबंध में जानकारी साझा की है। भारतीय दूतावास ने कहा है कि चीन के लोग अब भारत घूमने के लिए वीजा को आवेदन कर सकते हैं।