मटमैला पानी पीने को मजबूर खरड़, रणजीत कॉलोनी में गंदे पानी की सप्लाई से लोग परेशान

खरड़
खरड़ की रणजीत कालोनी में पिछले कई दिनों से पेयजल सप्लाई खराब होने के कारण कालोनी के कई निवासी बीमार पड़ रहे हैं। इस कारण कालोनी निवासी काफी परेशान हैं और उन्होंने सप्लाई को ठीक करवाने के लिए बार-बार नगर काउंसिल खरड़ के चक्कर लगाए हैं। कालोनी निवासी गुरमेल सिंह, भजन सिंह, जसवंत सिंह, कुलदीप सिंह, प्यार कौर और अन्य निवासियों ने कहा कि पिछले 4-5 दिनों से पेयजल सप्लाई लगातार नहीं हो रही है, बल्कि सप्लाई में पानी गंदा आ रहा है, कालोनी निवासियों द्वारा लगाए गए फिल्टर भी खराब हो रहे हैं, ऐसा पानी पीकर लोग बीमार पड़ रहे हैं और डायरिया भी फैल सकता है। कई निवासी बीमारी के कारण अपना इलाज करवा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पानी की सप्लाई में सुधार के लिए कई बार नगर काउंसिल खरड़ के कार्यालय को सूचित किया गया लेकिन अभी तक सप्लाई में कोई सुधार नहीं हुआ है जिस कारण लोगों को गंदे पानी से अपना काम चलाना पड़ रहा है और इस कालोनी में ज्यादातर परिवार गरीब हैं जो पानी का टैंकर मंगवाकर अपना काम नहीं कर सकते। उन्होंने मांग की कि रणजीत कालोनी खरड़ में पानी की आपूर्ति में सुधार किया जाए तथा पानी के नमूने लेकर पानी की जांच करवाई जाए।








