सूंडरा में फैला कारखाने का धुआं, सांस लेना हुआ मुश्किल, प्लांट के खिलाफ दर्ज करवाई शिकायत दर्ज

डेराबस्सी
गांव सूंडरा निवासियों ने गांव के पास स्थित हॉट मिक्स प्लांट द्वारा फैलाए जा रहे प्रदूषण के खिलाफ पंजाब प्रदूषण नियंत्रण विभाग में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों का कहना है कि प्लांट से निकलने वाले धुएं से उनके स्वास्थ्य और पर्यावरण पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। प्राप्त जानकारी अनुसारए पिछले कुछ समय से हॉट मिक्स प्लांट के कारण गांव में वायु प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्लांट से निकलने वाली महीन धूल और जहरीला धुआं वातावरण में आसानी से फैल रहा है, जिससे सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो रही हैं। इसके अलावा प्लांट के आसपास की कृषि भूमि पर भी धूल की एक परत जम रही है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। गांव निवासी भूपिंदर सिंह, संजीव पंच, दिलावर सिंह, गुरप्रीत सिंह, सौरव वालिया, दलजीत सिंह, राजन ने संयुक्त रूप से प्रदूषण नियंत्रण विभाग को अपनी शिकायत सौंपी है। उन्होंने विभाग से मांग की है कि प्लांट द्वारा फैला जा रहे प्रदूषण की तुरंत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। उन्होंने बताया कि मिक्स प्लांट का कचरा प्रबंधन खुले में फेंक देता है।
इससे उनके गांव में दुर्गंध के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है और उन्हें सांस लेने में भी दिक्कत होती है। इसके अलावा प्रबंधक दूषित पानी को बाहर खेतों में डाल देते हैं। इससे उनकी फसलें भी खराब हो जाती हैं और यह किसी भयंकर बीमारी के फैलने का कारण बन जाता है। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों से मांग की है कि उनके गांव के पास हॉट मिक्स प्लांट के प्रबंधकों को प्रदूषण न फैलाने के सख्त निर्देश जारी किए जाएं। इस बारे में प्रदूषण नियंत्रण विभाग के एसडीओ विनीत सिंगला से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि उनके विभाग के एक्सईएन, एसडीओ और जेई समेत सभी अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है।








