अस्पतालों में 24 घंटे सेवाएं देने के निर्देश, स्वास्थ्य मंत्री ने सिविल अस्पताल का दौरा कर जारी किए आदेश

डेराबस्सी
पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डा. बलबीर सिंह ने बुधवार को डेराबस्सी सिविल अस्पताल का दौरा कर यहां दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। हाल ही में आई बाढ़ के चलते मंत्री ने प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करते हुए सबसे पहले लालड़ू के अस्पताल का दौरा किया। इसके बाद वे डेराबस्सी पहुंचे और यहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके उपरांत उन्होंने ढकोली अस्पताल का भी दौरा किया। डेरा बस्सी सिविल अस्पताल में एसएमओ डा. धर्मेंद्र सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री को अस्पताल की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और मरीजों की देखभाल संबंधी चल रही व्यवस्थाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। डा. बलबीर सिंह ने अस्पताल का दौरा करते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी न हो, इसके लिए सरकार पूरी तरह सक्रिय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी अस्पतालों को 24 घंटे अपनी सेवाएं देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कहीं भी डॉक्टर या पैरामेडिकल स्टाफ की कमी नहीं है और सभी मरीजों को समय पर इलाज मिल रहा है।