बाढ़ प्रभावितों को दस लाख की मदद, मानव मंगल स्कूल प्रबंधन ने उपायुक्त कोमल मित्तल को सौंपा चेक

मोहाली
पंजाब में आई प्राकृतिक आपदा के कारण पंजाब के कई जिलों के गांव और शहर बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बाढ़ पीडि़तों की सेवा करना अपना मानवीय कर्तव्य समझते हुएए मानव मंगल स्कूल समूह के निदेशक संजय सरदाना ने साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर मोहाली की उपायुक्त कोमल मित्तल को बाढ़ राहत के लिए 10 लाख रुपए का चेक भेंट किया। उपायुक्त ने यह चेक जिला रेडक्रॉस सोसायटी को सौंपा और उन्हें बाढ़ पीडि़तों की ज़रूरतों के अनुसार राहत सामग्री खरीदने के लिए इसे खर्च करने के आदेश दिए। उपायुक्त ने इस अवसर पर कहा कि बाढ़ से राज्य को भारी अपूरणीय क्षति हुई है। इस कठिन समय में सरकार, जनता और स्वयंसेवी संगठन बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ खड़े हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में बाढ़ पीडि़तों की स्वेच्छा से की गई मदद समाज को एक बहुत ही सार्थक संदेश देती है। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी डा. गिन्नी दुग्गल भी उपस्थित थीं। इस अवसर पर संजय सरदाना ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों के लोग बहुत कठिन समय से गुजऱ रहे हैं, बाढ़ के कारण उन्होंने लगभग अपना सब कुछ खो दिया है। उन्हें व्यक्तिगत और आर्थिक दोनों तरह का नुकसान हुआ है।