चंडीगढ़पंजाबराजनीति

पंजाब के सभी परिवार 10 लाख रुपये तक का मुफ्त कैशलेस इलाज करवाने के हकदार होंगे: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

चंडीगढ़, 25 दिसंबर 2025:
पंजाब के निवासियों के लिए नए साल के उपहार के रूप में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज स्वास्थ्य विभाग को जनवरी महीने से मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना शुरू करने की मंजूरी दे दी है। इसके तहत राज्य के प्रत्येक परिवार के लिए 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज सुनिश्चित किया जाएगा।
आज यहां स्वास्थ्य विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना की शुरुआत राज्य के लोगों को बिना एक भी पैसा खर्च किए व्यापक स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा, “यह योजना विश्वस्तरीय स्वास्थ्य देखभाल प्रदान करने और लोगों को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज सुनिश्चित करने के लिए सरकार द्वारा शुरू की गई एक अहम पहल है। पंजाब देश का पहला ऐसा राज्य होगा, जहां राज्य के हर परिवार के लिए 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज सुनिश्चित किया जाएगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना पंजाब सरकार की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य राज्य के सभी पात्र निवासियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित वित्तीय सुरक्षा और आसान पहुंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा, “यह योजना सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसके तहत प्रत्येक नामांकित परिवार प्रति वर्ष 10 लाख रुपये तक का कैशलेस चिकित्सा उपचार प्राप्त करने का हकदार होगा।”
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “इस योजना के तहत स्वास्थ्य सेवाओं तक सभी निवासियों की आसान पहुंच सुनिश्चित की गई है और निवासी पंजाब और चंडीगढ़ के सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों के व्यापक नेटवर्क में गंभीर बीमारियों, गहन देखभाल, सर्जरी और जीवन रक्षक उपचार करवा सकेंगे।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस और पेपरलेस स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के साथ-साथ द्वितीयक और तृतीयक स्वास्थ्य देखभाल पर होने वाले खर्च को कम करना है। उन्होंने कहा, “इसी तरह, यह योजना शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच को मजबूत करेगी और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से समय पर शिकायतों के निपटारे तथा लाभार्थियों को सहायता प्रदान करेगी।”
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत अस्पताल में भर्ती होने पर होने वाले खर्च, सर्जरी और चिकित्सकीय प्रक्रियाएं, आईसीयू और गहन देखभाल सेवाएं, बीमारियों की जांच, दवाइयां और स्वीकृत पैकेजों के अनुसार उपयोग की जाने वाली सामग्री, अस्पताल में भर्ती होने से पहले और बाद के खर्चों सहित अन्य सभी खर्चों को कवर किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले एक परिवार केवल 5 लाख रुपये तक का ही इलाज करवा सकता था, लेकिन अब यह सीमा बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है। उन्होंने आगे कहा कि पंजाब का हर नागरिक, चाहे वह सरकारी कर्मचारी हो या पेंशनभोगी, इन मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने का हकदार होगा। उन्होंने कहा कि इस योजना के लिए आय से संबंधित कोई सीमा नहीं रखी गई है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस योजना के तहत कोई भी नागरिक किसी भी सरकारी अस्पताल या सूचीबद्ध निजी अस्पताल में अपना मुफ्त इलाज करवा सकता है। इसके साथ ही अब पंजाब के किसी भी नागरिक को वित्तीय कठिनाइयों के कारण इलाज से वंचित नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने आगे कहा कि स्वास्थ्य विभाग लोगों की भलाई के लिए इस योजना को सुचारू रूप से शुरू करने हेतु सभी आवश्यक प्रबंध कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button