
चंडीगढ़, 25 दिसंबर:
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा राज्य से नशों के खात्मे के लिए शुरू की गई नशों के खिलाफ जंग “युद्ध नशों के विरुद्ध” को लगातार 299वें दिन भी जारी रखते हुए, पंजाब पुलिस ने आज 285 स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान पूरे राज्य में 87 एफआईआर दर्ज कर 115 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही 299 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 41,775 हो गई है।
इस छापेमारी के दौरान पकड़े गए नशा तस्करों के कब्जे से 268 ग्राम हेरोइन, 1,860 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 6,700 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस कमिश्नरों, डिप्टी कमिश्नरों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के निर्देश दिए हैं। पंजाब सरकार ने नशों के खिलाफ जंग की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अगुवाई में 5 सदस्यीय कैबिनेट सब-कमेटी का गठन भी किया है।
इस ऑपरेशन के दौरान 61 गजेटेड अधिकारियों की निगरानी में 800 से अधिक पुलिस कर्मियों वाली 100 से ज्यादा पुलिस टीमों ने राज्य भर में 285 स्थानों पर छापेमारी की। दिन भर चले इस अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 276 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की।
राज्य सरकार द्वारा नशों के खात्मे के लिए तीन-स्तरीय रणनीति—इन्फोर्समेंट, डी-एडिक्शन और प्रिवेंशन (ईडीपी)—लागू की गई है। इसी के तहत ‘डी-एडिक्शन’ घटक के अंतर्गत आज 30 व्यक्तियों को नशा मुक्ति और पुनर्वास उपचार के लिए प्रेरित किया गया है।






