
चंडीगढ़, 26 दिसंबर:
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में प्रदेश में नशों के खिलाफ जारी विशेष अभियान “युद्ध नशों के खिलाफ” ने लगातार 300वें दिन भी अपनी कार्रवाई जारी रखी। पंजाब पुलिस ने आज 327 स्थानों पर छापेमारी की, जिसमें पूरे प्रदेश में 63 FIR दर्ज कर 84 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इस तरह 300 दिनों में कुल गिरफ्तार नशा तस्करों की संख्या 41,881 हो गई है।
इस छापेमारी के दौरान पकड़े गए नशा तस्करों के कब्जे से 2.8 किलोग्राम हेरोइन, 1 किलोग्राम अफीम, 518 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 8,890 रुपये की ड्रग मनी जब्त की गई।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस कमिश्नरों, डिप्टी कमिश्नरों और सीनियर पुलिस सुपरिंटेंडेंट्स को पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए हैं। इसके तहत वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अगुवाई में नशा विरोधी कार्रवाई की निगरानी के लिए 5 सदस्यीय कैबिनेट सब-कॉमिटी का गठन भी किया गया है।
इस ऑपरेशन में 64 गज़टेड अधिकारियों की निगरानी में 900 से अधिक पुलिस कर्मचारियों और 100 से ज्यादा पुलिस टीमों ने राज्यभर में 327 छापेमारी की। पूरे दिन चलने वाले इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने 360 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की।
प्रदेश सरकार की नशा उन्मूलन नीति के तहत तीन-स्तरीय रणनीति – एन्फोर्समेंट, डी-एडिक्शन और प्रिवेंशन (EDP) लागू की गई है। इसी के अंतर्गत पंजाब पुलिस ने डी-एडिक्शन के हिस्से के रूप में आज 27 व्यक्तियों को नशा मुक्ति और पुनर्वास के लिए तैयार किया।









