चंडीगढ़पंजाबराजनीति

फाजिल्का में सीमा पार से चल रहे नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश; 5.11 किलो हेरोइन सहित एक आरोपी काबू

चंडीगढ़/फाजिल्का, 27 दिसंबर :
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए चलाई जा रही विशेष मुहिम के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), फाजिल्का ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ संयुक्त ऑपरेशन में एक नशा तस्कर को 5.11 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान बलजीत सिंह निवासी गांव ढांडी कदीम, जलालाबाद, फाजिल्का के रूप में हुई है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि बरामद की गई हेरोइन की खेप पाकिस्तान आधारित तस्करों द्वारा ड्रोन के माध्यम से भेजी गई थी।
डीजीपी ने कहा कि इस खेप को आगे पूरे राज्य में सप्लाई किया जाना था। उन्होंने बताया कि इस नेटवर्क के आगे-पीछे के संबंधों को स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है।
इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए एआईजी एसएसओसी फाजिल्का गुरसेवक सिंह ने बताया कि पुख्ता सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एसएसओसी फाजिल्का की पुलिस टीम ने बीएसएफ के साथ मिलकर जलालाबाद क्षेत्र में एक विशेष गुप्त ऑपरेशन चलाया। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को फाजिल्का के गांव ढांडी कदीम क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया और उसकी व्यक्तिगत तलाशी के दौरान उसके पास से 5.11 किलो हेरोइन बरामद की गई।
इस संबंध में एफआईआर नंबर 21 दिनांक 27-12-2025 को थाना एसएसओसी फाजिल्का में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-सी के तहत दर्ज की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button