
जालंधर, 27 दिसंबर :
पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने आज लोगों से सनातन की शिक्षाओं पर चलकर समाज में फैली बुराइयों को जड़ से समाप्त करने का आह्वान किया।
यहां रेड क्रॉस भवन में सनातन सेवा समिति पंजाब द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री, जिनके साथ पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों विभाग के सलाहकार दीपक बाली, मेयर विनीत धीर और वरिष्ठ ‘आप’ नेता नितिन कोहली भी मौजूद थे, ने कहा कि सनातन एक संपूर्ण जीवन शैली है, जो मनुष्य को सत्य, सेवा और कर्तव्य के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
श्री भगत ने कहा कि सनातन द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलकर हम सामाजिक बुराइयों को दूर कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सनातन हमें जीवन जीने की सही राह सिखाता है और हर व्यक्ति को माता-पिता की सेवा, पारिवारिक मूल्यों की रक्षा तथा समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि सनातन की मूल शिक्षा मानवता की भलाई है। यह हमें सदैव दूसरों की सहायता करने, करुणा दिखाने और समाज के कमजोर वर्गों के साथ खड़े होने का संदेश देता है। एक सशक्त और नैतिक समाज के निर्माण के लिए उन्होंने युवाओं को सनातन से जोड़ने का आह्वान किया।
सनातन सेवा समिति को पंजाब सरकार की ओर से हर संभव सहयोग देने का आश्वासन देते हुए कैबिनेट मंत्री ने समिति द्वारा सनातन की सेवा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की।
पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों विभाग के सलाहकार दीपक बाली ने सनातन की उत्पत्ति, उद्देश्य और समाज में इसकी महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सनातन सहिष्णुता, सेवा, सत्य और मानवता का संदेश देता है।
युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने पर जोर देते हुए दीपक बाली ने कहा कि युवाओं को हमारी संस्कृति और मूल्यों से जोड़ना ही सनातन की सच्ची सेवा है। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों को अपने सेवा कार्य निरंतर जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि समिति द्वारा अत्यंत सराहनीय कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर सनातन सेवा समिति दोआबा ज़ोन की शुरुआत के मौके पर जिला जालंधर के पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।
इससे पूर्व सनातन सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय शर्मा, दोआबा ज़ोन के प्रभारी पविंदर बहल और अन्य पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री और अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
इस मौके पर योगी बाबा संगत नाथ जी, समिति के दोआबा ज़ोन के महासचिव शांत गुप्ता, मालवा ज़ोन-1 प्रभारी जोगिंदर पाल शर्मा, मालवा ज़ोन-2 प्रभारी रिंकू देवा, दोआबा ज़ोन के सचिव सुभाष शर्मा, जिला प्रभारी यश चड्ढा, जिला महासचिव आलोक नागपाल, संगठन महासचिव वरुण महिता ज़ोन-1, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरीश शर्मा, शुभम सहोता, गौरव शर्मा, अरुण अरोड़ा, विशाल शर्मा, सलिल महाजन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।






