राष्ट्रीय
घने कोहरे के कारण आज दिल्ली आने वाली 66 उड़ानें रद्द

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार को 66 उड़ानें रद्द कर दी गईं। दिल्ली में आज कोहरा कम था, लेकिन देश के अन्य हिस्सों से आने-जाने वाली उड़ानें कोहरे के कारण रद्द कर दी गईं।
हवाई अड्डा अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न एयरलाइनों ने आज दिल्ली आने वाली 32 और दिल्ली से जाने वाली 34 उड़ानें रद्द की हैं। इसके अलावा कई उड़ानों के विलंब से पहुंचने की भी रिपोर्ट है।
उल्लेखनीय है कि आज दिल्ली के रनवे पर दृश्यता अच्छी थी, लेकिन अन्य शहरों में कोहरा छाया रहा। इंडिगो ने हैदराबाद, गुवाहाटी, वाराणसी, उदयपुर, जम्मू, विशाखापत्तनम और जैसलमेर में कोहरे की सूचना दी है, जिसके चलते यात्रियों को अपनी उड़ान की ताजा स्थिति जानने के लिए वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जांच करने की सलाह दी गई है।






