राष्ट्रीय

अगले 24 घंटे बेहद अहम! भारी बारिश और घने कोहरे की संभावना, कई राज्यों में अलर्ट

नया साल 2026 उत्तर भारत के लिए कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के साथ शुरू हुआ। इस दौरान कई स्थानों पर बारिश भी हुई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 2 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की है, जिससे दृश्यता घटकर मात्र 50 मीटर तक रह सकती है।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। आज सुबह घने कोहरे के कारण उड़ानों और ट्रेनों के संचालन में देरी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार शीत लहर की स्थिति 5 जनवरी तक बनी रह सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में घने कोहरे को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। बिहार के गया और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना है।
इसके अलावा 2 और 3 जनवरी को उत्तरी मध्य प्रदेश के दूर-दराज इलाकों में भी घना कोहरा देखा जा सकता है। इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की उम्मीद है। कश्मीर के गुलमर्ग और पहलगाम जैसे इलाकों में बर्फबारी के कारण पर्यटकों की आमद बढ़ रही है, जबकि मैदानी इलाकों में भीषण ठंड पड़ रही है। हिमाचल प्रदेश में 5 जनवरी तक घने कोहरे और ठंडे दिन की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
राजस्थान के चूरू जिले के सादुलशहर में ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके अलावा बीकानेर, चित्तौड़गढ़, अजमेर और चूरू जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि से ठंड और बढ़ गई। चित्तौड़गढ़ जिले में करीब पांच घंटे तक बारिश हुई। इस दौरान जोधपुर में कोहरे के कारण उड़ानों में देरी हुई, जबकि अलवर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक गिर गया। जैसलमेर, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में घने कोहरे और बारिश के चलते सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक हल्के बादल छाए रहेंगे और ठंड में और इजाफा होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button