
चंडीगढ़/अमृतसर, 4 जनवरी:
श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के लापता हुए 328 पावन स्वरूपों के मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान 14 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया और मोबाइल डिवाइस, टैबलेट, कंप्यूटर व एक्सेसरीज़, स्टोरेज डिवाइसों के साथ-साथ संदिग्ध वित्तीय रिकॉर्ड और दस्तावेज़ जब्त किए गए हैं।
एसआईटी के प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि पुलिस कमिश्नरेट अमृतसर के अधीन थाना सी-डिवीजन में दर्ज एफआईआर में कुल 16 व्यक्तियों को नामजद किया गया है। इनमें से दो आरोपियों की कथित तौर पर मृत्यु हो चुकी है, जबकि 14 व्यक्तियों की जांच जारी है। इस मामले में अब तक सतिंदर सिंह कोहली और कंवलजीत सिंह उर्फ़ कव्लजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
प्रवक्ता ने आगे बताया कि कंवलजीत सिंह उर्फ़ कव्लजीत सिंह को 03-01-2026 को गिरफ्तार किया गया। वह सहायक के रूप में कार्यरत था और पवित्र स्वरूपों की संभाल-संरक्षण, मर्यादा के पालन तथा अनधिकृत छपाई के दौरान हुई गंभीर लापरवाहियों और कमियों में उसकी सीधी भूमिका पाई गई है।
प्रवक्ता ने बताया कि पंजाब और चंडीगढ़ में कुल 14 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया, जिनमें चंडीगढ़ में 2 स्थान, अमृतसर शहर में 8 स्थान तथा गुरदासपुर, रोपड़, तरनतारन और अमृतसर ग्रामीण में 1-1 स्थान शामिल हैं। तलाशी के दौरान 7 मोबाइल फोन, 3 टैबलेट, 2 लैपटॉप, 1 स्टोरेज डिवाइस तथा संदिग्ध वित्तीय रिकॉर्ड और दस्तावेज़ जब्त किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी और जब्त दस्तावेज़ों व वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच-पड़ताल की जा रही है, क्योंकि भुगतान करने वाली कंपनियों के संबंध राजनेताओं सहित कई प्रभावशाली व्यक्तियों से जुड़े होने की आशंका है।
एसआईटी इस गंभीर मामले की योजनाबद्ध और गहराई से जांच कर रही है तथा ठोस सबूत एकत्र किए जा रहे हैं। इस संबंध में आगे भी छापेमारी और गिरफ्तारियों की संभावना है तथा जांच जारी है।






