
चंडीगढ़, 4 जनवरी:
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा राज्य से नशे के खात्मे के लिए चलाई जा रही मुहिम “नशों के खिलाफ युद्ध” के लगातार 309वें दिन पंजाब पुलिस ने आज 312 स्थानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान राज्य भर से 94 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया और 79 एफआईआर दर्ज की गईं। इसके साथ ही 309 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या अब 43,206 हो गई है।
छापेमारी के परिणामस्वरूप गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों के कब्जे से 593 ग्राम हेरोइन, 1.2 किलोग्राम अफीम, 1,198 नशीली गोलियां/कैप्सूल तथा 11,620 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस कमिश्नरों, डिप्टी कमिश्नरों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के निर्देश दिए हैं। पंजाब सरकार ने नशों के खिलाफ इस जंग की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अगुवाई में 5 सदस्यीय कैबिनेट उप-समिति का गठन भी किया है।
71 गजटेड अधिकारियों की निगरानी में 1,000 से अधिक पुलिसकर्मियों वाली 120 से ज्यादा पुलिस टीमों ने राज्य भर में 312 स्थानों पर छापेमारी की। दिन भर चले इस अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 320 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की।
राज्य सरकार ने नशों के खात्मे के लिए तीन-स्तरीय रणनीति—इन्फोर्समेंट (कानूनी कार्रवाई), डी-एडिक्शन (नशा मुक्ति) और प्रिवेंशन (रोकथाम)—लागू की है। इसी के तहत पंजाब पुलिस ने आज “नशा छुड़ाओ” पहल के अंतर्गत 61 व्यक्तियों को नशा मुक्ति और पुनर्वास उपचार के लिए राजी किया है।






