
चंडीगढ़, 5 जनवरी:
प्रदेश से नशों के पूर्ण उन्मूलन के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर चलाए जा रहे “नशों के खिलाफ युद्ध” के 310वें दिन पंजाब पुलिस ने आज 223 स्थानों पर छापेमारी की। इसके परिणामस्वरूप पूरे राज्य में 54 एफआईआर दर्ज कर 65 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही 310 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या बढ़कर 43,326 हो गई है।
छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों के कब्जे से 657 ग्राम हेरोइन, 440 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 2,630 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस आयुक्तों, उपायुक्तों और एसएसपी को पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के सख्त निर्देश दिए हैं। पंजाब सरकार द्वारा नशों के खिलाफ इस जंग की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अगुवाई में 5 सदस्यीय कैबिनेट उप-समिति का भी गठन किया गया है।
इस अभियान के दौरान 48 गजटेड अधिकारियों की निगरानी में 700 से अधिक पुलिस कर्मियों की 100 से ज्यादा पुलिस टीमों ने राज्य भर में 223 स्थानों पर छापेमारी की। उन्होंने बताया कि दिन भर चले इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने 242 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच भी की।
गौरतलब है कि पंजाब सरकार ने राज्य से नशों के खात्मे के लिए तीन-स्तरीय रणनीति—इन्फोर्समेंट, डी-एडिक्शन और प्रिवेंशन (ईडीपी)—लागू की है। इसी रणनीति के तहत पंजाब पुलिस ने आज 22 व्यक्तियों को नशा छोड़ने और पुनर्वास उपचार लेने के लिए प्रेरित किया है।






