
चंडीगढ़, 6 जनवरी:
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा राज्य से नशों के खात्मे के लिए शुरू की गई नशा विरोधी मुहिम “नशों के खिलाफ युद्ध” को लगातार 311वें दिन भी जारी रखते हुए पंजाब पुलिस ने आज 313 स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान राज्य भर में 77 एफआईआर दर्ज कर 105 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही 311 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 43,381 हो गई है।
इस छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों के कब्जे से 23.3 किलोग्राम हेरोइन, 5 किलोग्राम भुक्की, 486 नशीली गोलियां/कैप्सूल तथा 6,250 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस कमिश्नरों, डिप्टी कमिश्नरों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के निर्देश दिए हैं। पंजाब सरकार ने नशों के खिलाफ इस अभियान की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में 5 सदस्यीय कैबिनेट सब-कमेटी का भी गठन किया है।
इस अभियान के दौरान 73 गजटेड अधिकारियों की निगरानी में 1000 से अधिक पुलिस कर्मियों वाली 120 से ज्यादा पुलिस टीमों ने राज्य भर में 313 छापे मारे। दिनभर चले इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने 333 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की।
राज्य सरकार द्वारा नशों के खात्मे के लिए तीन-स्तरीय रणनीति—इन्फोर्समेंट, डी-एडिक्शन और प्रिवेंशन (EDP)—लागू की गई है। इसी के तहत ‘डी-एडिक्शन’ पहल के अंतर्गत आज 41 व्यक्तियों को नशा मुक्ति और पुनर्वास उपचार के लिए प्रेरित किया गया है।






