
चंडीगढ़/लुधियाना, 10 जनवरी :
मुख्यमंत्री पंजाब सरदार भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के तहत ‘इन्वेस्ट पंजाब’ के अंतर्गत विभिन्न कंपनियों से संपर्क कर पंजाब में करोड़ों रुपये का निवेश कराया जा रहा है।
इन शब्दों का प्रकटाव पंजाब सरकार के उद्योग, वाणिज्य और स्थानीय सरकारों संबंधी कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने स्थानीय फोकल प्वाइंट में के.जे. फोर्जिंग द्वारा 35 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किए गए नए यूनिट का उद्घाटन करते हुए किया।
कैबिनेट मंत्री अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार उद्योग को प्रोत्साहन देने और अनुकूल माहौल सृजित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है, जिसके परिणामस्वरूप अन्य राज्यों से भी उद्योगपति यहां करोड़ों रुपये का निवेश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में के.जे. ग्रुप द्वारा 35 करोड़ रुपये की लागत से नया ‘टूल रूम’ यूनिट स्थापित किया गया है।
इसके अतिरिक्त वर्ष 2025 के दौरान के.जे. परिवार द्वारा जहां 52 करोड़ रुपये का निवेश किया गया, वहीं वर्तमान वर्ष 2026 में 12 मेगावाट सोलर पावर प्लांट के माध्यम से 66 करोड़ रुपये का और निवेश किया जाएगा। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अरोड़ा ने स्पष्ट किया कि निवेश से जहां उद्योग फिर से मजबूती की ओर बढ़ रहा है, वहीं हजारों बेरोज़गार युवाओं को रोज़गार के अवसर भी प्राप्त होंगे।
इस अवसर पर उनके साथ राज्य सूचना आयुक्त हरप्रीत सिंह संधू, सीसू से उपकार सिंह आहूजा, मुख्य प्रशासक ग्लाडा संदीप कुमार, के.जे. ग्रुप से गोपी कोठारी, अमित कोठारी, नवीन बहल सहित बड़ी संख्या में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने प्रसन्नता व्यक्त की कि इस नए स्थापित यूनिट में अधिकांश मशीनें भारत के बेंगलुरु और गुजरात जैसे शहरों में ही विकसित की गई हैं, जबकि पहले ये मशीनें विदेशों से आयात की जाती थीं।
पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब में उन्होंने मुख्यमंत्री पंजाब का धन्यवाद किया, जिन्होंने उन्हें स्थानीय सरकारों विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगमों और नगर परिषदों से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पी.एस.पी.सी.एल. को यह सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए जाएंगे कि किसी भी गांव, कस्बे या शहर में कोई तार लटका हुआ दिखाई न दे; इसके तहत 87 सब-डिवीजनों में टेंडर प्रक्रिया जारी है।
इसके अलावा सीवरेज सिस्टम को अपग्रेड किया जाएगा और सड़क बुनियादी ढांचे में भी और सुधार किए जाएंगे। उन्होंने आवारा कुत्तों की समस्या पर विशेष ध्यान देते हुए कहा कि माननीय सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार शीघ्र आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
स्थानीय सरकारों संबंधी कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार के प्रमुख प्रोजेक्ट्स में से एक बुद्धा दरिया के पुनर्जीवन कार्य युद्ध स्तर पर चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि डेयरियों का गोबर और अन्य अपशिष्ट को नदी में डालने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। बुद्धा दरिया के किनारे स्थित डाइंग यूनिटों और अन्य फैक्ट्रियों को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं कि बिना उपचारित पानी को नदी में न छोड़ा जाए।
इस अवसर पर के.जे. ग्रुप ने कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा और मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि पंजाब सरकार ने उद्योग-अनुकूल नीतियां और कार्य करने के लिए सबसे शांतिपूर्ण माहौल प्रदान किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष में 21 लाख रुपये का योगदान भी दिया।






