
चंडीगढ़, 11 जनवरी:
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने राज्य के लोगों को उच्च सुरक्षा पंजीकरण प्लेट (HSRP) लगवाने के लिए ऑनलाइन सुविधा प्रदान की है। इस पहल के तहत अब तक राज्य के 64,24,336 वाहनों पर उच्च सुरक्षा पंजीकरण प्लेटें लगाई जा चुकी हैं।
यह जानकारी देते हुए पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने बताया कि राज्य में पंजीकृत वाहनों पर HSRP लगाने का कार्य पहले एम/एस एग्रोस इम्पैक्शन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से ऑनलाइन किया जा रहा था, जिसका टेंडर 8 जनवरी 2026 को समाप्त हो गया। आम जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी से बचाने के लिए सरकार ने तुरंत कदम उठाते हुए उसी ऑनलाइन प्रक्रिया को जारी रखा है और यह कार्य अब सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) को सौंपा गया है।
परिवहन मंत्री ने बताया कि अब वाहन मालिक SIAM/HSRP पोर्टल (www.siam.in) के माध्यम से पूरी तरह ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह प्रक्रिया घर बैठे पूरी की जा सकती है, जिससे वाहन मालिकों को आरटीओ कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि इस पहल से लोगों की असुविधा कम होगी और किसी भी अनधिकृत एजेंट या बिचौलिए के पास जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी। अब तक राज्य भर में 64,24,336 वाहनों पर HSRP लगाई जा चुकी हैं। शेष वाहन मालिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत जल्द से जल्द अपने वाहनों पर उच्च सुरक्षा पंजीकरण प्लेट लगवाएं, ताकि चालान आदि से बचा जा सके।
लालजीत सिंह भुल्लर ने आगे कहा कि पंजाब सरकार का लक्ष्य हर कार्य में पारदर्शिता लाना, जनता की परेशानी समाप्त करना और एजेंटों व रिश्वतखोरी पर रोक लगाना है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देशों, मोटर वाहन अधिनियम और उसके अंतर्गत बनाए गए नियमों के अनुसार उच्च सुरक्षा पंजीकरण प्लेट लगवाना अनिवार्य किया गया है।






