
चंडीगढ़, 12 जनवरी:
राज्य से नशों के पूर्ण उन्मूलन के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर शुरू की गई मुहिम “नशों के विरुद्ध युद्ध” के 317वें दिन पंजाब पुलिस ने आज 272 स्थानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पूरे राज्य में 49 एफआईआर दर्ज कर 69 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही 317 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 44,191 हो गई है।
इन छापेमारियों के दौरान गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों के कब्जे से 3.3 किलोग्राम हेरोइन, 385 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 1.10 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस कमिश्नरों, डिप्टी कमिश्नरों और एसएसपीज़ को पंजाब को नशा-मुक्त राज्य बनाने के निर्देश दिए हैं। पंजाब सरकार ने नशों के खिलाफ इस युद्ध की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अगुवाई में 5 सदस्यीय कैबिनेट सब-कमेटी का गठन भी किया है।
इस ऑपरेशन के दौरान 58 गज़टेड अधिकारियों की निगरानी में 800 से अधिक पुलिस कर्मियों वाली 100 से ज्यादा पुलिस टीमों ने राज्य भर में 272 स्थानों पर छापेमारी की। दिनभर चले इस अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 271 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की।
उल्लेखनीय है कि पंजाब सरकार ने राज्य से नशों के खात्मे के लिए तीन-स्तरीय रणनीति — प्रवर्तन (Enforcement), डी-एडिक्शन (नशा मुक्ति) और प्रिवेंशन (रोकथाम) (EDP) लागू की है। इस रणनीति के तहत आज पंजाब पुलिस ने 18 व्यक्तियों को नशा छोड़ने और पुनर्वास उपचार के लिए राज़ी किया है।






