अपराधपंजाबराजनीति

अमृतसर से 40 किलो हेरोइन की खेप बरामद, चार संचालक काबू

चंडीगढ़/अमृतसर, 15 जनवरी:
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को नशा-मुक्त राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने नशीले पदार्थों की तस्करी के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 40 किलो हेरोइन सहित इसके चार संचालकों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नरिंदर सिंह उर्फ नन्नी, सूरज, जैकब मसीह और अजय कुमार उर्फ रवि के रूप में हुई है। ये सभी मोगा जिले के कोट ईसे खां के निवासी हैं। हेरोइन की बरामदगी के अलावा पुलिस टीमों ने नशीले पदार्थों की खेप ले जाने में इस्तेमाल की जा रही दो कारें—टोयोटा कोरोला ऑल्टिस (रजिस्ट्रेशन नंबर पीबी-03-एके-1810) और बीएमडब्ल्यू (रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी-14-सीजे-4646)—भी कब्जे में ले ली हैं।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों ने अपने हैंडलर, जो कि एक कुख्यात नशा तस्कर है, के निर्देशों पर पंजाब के विभिन्न स्थानों पर आपूर्ति के लिए हेरोइन की यह बड़ी खेप प्राप्त की थी।
जानकारी के अनुसार, सीआई अमृतसर को विशेष सूचना मिली थी कि एक नामी नशा तस्कर, जो फिलहाल फरार है, अपने साथियों की मदद से नशा तस्करी का नेटवर्क चला रहा था और उसके निर्देशों पर उसके सहयोगी हेरोइन की बड़ी खेप लेने के लिए अमृतसर पहुंचे थे।
डीजीपी ने बताया कि पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अमृतसर–तरनतारन हाईवे पर नाकाबंदी की और डीपीएस स्कूल, अमृतसर के पास नरिंदर सिंह उर्फ नन्नी, सूरज, जैकब मसीह और अजय कुमार को रोककर तलाशी ली, जिसके दौरान उनके कब्जे से 40 किलो हेरोइन बरामद की गई।
उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे-पीछे के लिंक और पूरी सप्लाई चेन, जिसके अंतरराष्ट्रीय/सीमा-पार कनेक्शन होने की संभावना है, का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।
इस संबंध में थाना स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 25 और 29 के तहत एफआईआर नंबर 1 दिनांक 14-01-2026 दर्ज की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button