
चंडीगढ़, 16 जनवरी:
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा राज्य से नशों के पूर्ण उन्मूलन के लिए शुरू की गई मुहिम “नशों के विरुद्ध युद्ध” के लगातार 321वें दिन पंजाब पुलिस ने आज 294 स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान राज्य भर में 71 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर 54 एफआईआर दर्ज की गईं। इसके साथ ही 321 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 44,701 हो गई है।
छापेमारियों के परिणामस्वरूप गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों के कब्जे से 1.3 किलो हेरोइन, 500 ग्राम अफीम, 208 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 16,510 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस आयुक्तों, उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पंजाब को नशा-मुक्त राज्य बनाने के निर्देश दिए हैं। पंजाब सरकार ने नशों के खिलाफ इस जंग की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अगुवाई में 5 सदस्यीय कैबिनेट उप-समिति का गठन भी किया है।
66 गजटेड अधिकारियों की निगरानी में 800 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती वाली 100 से अधिक पुलिस टीमों ने राज्य भर में 294 स्थानों पर छापेमारी की। दिन भर चले इस अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 297 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच भी की।
राज्य सरकार ने नशों के उन्मूलन के लिए तीन-स्तरीय रणनीति—इन्फोर्समेंट (कानूनी कार्रवाई), डी-एडिक्शन (नशामुक्ति) और प्रिवेंशन (रोकथाम)—लागू की है। इसी के तहत पंजाब पुलिस ने ‘नशा छुड़ाओ’ पहल के अंतर्गत आज 27 व्यक्तियों को नशामुक्ति एवं पुनर्वास उपचार के लिए राजी किया है।









