
चंडीगढ़, 19 जनवरी:
केंद्रीय सूचना आयुक्त विनोद कुमार तिवाड़ी, आई.एफ.एस. (सेवानिवृत्त) ने आज चंडीगढ़ स्थित पंजाब राज्य सूचना आयोग के मुख्य कार्यालय का दौरा किया।
अपने इस दौरे के दौरान उन्होंने पंजाब के मुख्य सूचना आयुक्त श्री इंद्रपाल सिंह धन्ना तथा पंजाब राज्य सूचना आयुक्तों डॉ. भूपिंदर सिंह बाठ और हरप्रीत संधू के साथ-साथ अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री डी.के. तिवाड़ी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक में सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम, 2005 को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान संस्थागत सुधारों, पारदर्शिता, जवाबदेही तथा कुशल सूचना प्रदान करने से संबंधित प्रणालियों को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
श्री वी.के. तिवाड़ी ने पंजाब राज्य सूचना आयोग के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पंजाब ने सूचना का अधिकार अधिनियम को लागू करने में उल्लेखनीय प्रगति की है।
बैठक के दौरान पंजाब के मुख्य सूचना आयुक्त श्री इंद्रपाल सिंह धन्ना ने नागरिकों को सूचना की कुशल और समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रति राज्य आयोग की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि पंजाब राज्य सूचना आयोग समय पर और प्रभावी सूचना उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
श्री वी.के. तिवाड़ी ने केंद्रीय सूचना आयुक्त के रूप में अपने अनुभव भी साझा किए, जिनमें श्रेष्ठ कार्य-प्रणालियां, वर्तमान चुनौतियां, मामलों के निपटारे को और बेहतर बनाने के उपाय तथा समग्र आरटीआई ढांचे को सुदृढ़ करने के व्यावहारिक तरीकों पर प्रकाश डाला गया।
यह विचार-विमर्श पंजाब राज्य सूचना आयोग की कार्य-कुशलता बढ़ाने के लिए आपसी संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच सिद्ध हुआ। इस अवसर पर मुख्य सूचना आयुक्त श्री धन्ना, राज्य सूचना आयुक्तों और अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री डी.के. तिवाड़ी द्वारा केंद्रीय सूचना आयुक्त विनोद कुमार तिवाड़ी को प्रशंसा-पत्र भेंट किया गया। उन्होंने श्री वी.के. तिवाड़ी के विचारों को अत्यंत मूल्यवान बताते हुए चर्चा को रचनात्मक और लाभदायक करार दिया।
राज्य सूचना आयुक्त श्री हरप्रीत संधू ने भी पंजाब राज्य सूचना आयोग के दौरे के दौरान आरटीआई में पारदर्शिता को लेकर अपनी गहन समझ और महत्वपूर्ण अनुभव साझा करने के लिए भारत के केंद्रीय सूचना आयुक्त विनोद कुमार तिवाड़ी का आभार व्यक्त किया।









