
फरीदकोट, 22 जनवरी ( )
पंजाब सरकार द्वारा लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना की शुरुआत जिला अस्पताल फरीदकोट से की गई। इस समारोह की अध्यक्षता फरीदकोट की डिप्टी कमिश्नर मैडम पूनमदीप कौर ने की। उनके साथ इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन गगनदीप सिंह धालीवाल, जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन सरदार गुरतेज सिंह खोसा तथा मार्केट कमेटी के चेयरमैन बाबा अमनदीप सिंह ने भी इस समारोह में भाग लिया।
डिप्टी कमिश्नर मैडम पूनमदीप कौर ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना पंजाब सरकार की एक प्रमुख स्वास्थ्य देखभाल योजना है, जो पंजाब के सभी प्रमाणित नागरिकों को कैशलेस द्वितीय एवं तृतीय स्तर की चिकित्सा सेवाएं प्रदान करती है। यह योजना पंजाब के सभी पात्र परिवारों के लिए है, जो बिना किसी आर्थिक परेशानी के गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करती है। इस योजना के तहत मरीज अपना इलाज किसी भी सरकारी अस्पताल या सूचीबद्ध निजी अस्पताल से करवा सकता है। इस योजना में प्रदेश के 219 सरकारी अस्पतालों और लगभग 600 निजी अस्पतालों को शामिल किया गया है।
इस अवसर पर चेयरमैन गगनदीप सिंह धालीवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना का आज आधिकारिक रूप से शुभारंभ हो गया है, जिसका लाभ पंजाब के सभी नागरिकों को मिलेगा। उन्होंने बताया कि हेल्थ कार्ड बनाने के लिए जिला फरीदकोट में कुल 107 केंद्र स्थापित किए गए हैं, ताकि लोगों को कार्ड बनवाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने जिला फरीदकोट के लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक इस जनहितैषी योजना का लाभ उठाएं।
सिविल सर्जन फरीदकोट डॉ. चंद्र शेखर कक्कड़ ने जानकारी दी कि इस योजना के तहत पंजीकरण के लिए सभी जिलों में ई-कार्ड निःशुल्क बनाए जाएंगे। फरीदकोट जिले में इस योजना के अंतर्गत लाभार्थियों के कार्ड बनाने के लिए प्रारंभिक कैंप सिविल अस्पताल फरीदकोट तथा बाबा दयाल सिंह सिविल अस्पताल कोटकपूरा में लगाए जाएंगे। लाभार्थी अपना आधार कार्ड, वोटर कार्ड तथा 18 वर्ष से कम आयु के लाभार्थी आधार कार्ड एवं जन्म प्रमाण पत्र जमा करवा कर मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। इस योजना के तहत प्रति परिवार प्रति वर्ष 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध होगा, जिसमें गंभीर बीमारियां, सर्जरी तथा आपातकालीन सेवाएं शामिल हैं।
डिप्टी मेडिकल कमिश्नर फरीदकोट डॉ. विश्वदीप गोयल ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत 2,356 उपचार पैकेज उपलब्ध हैं (जैसे हृदय रोगों का उपचार, कैंसर का इलाज, किडनी डायलिसिस, मस्तिष्क सर्जरी आदि)। यह योजना अस्पताल में भर्ती होने से पहले और भर्ती होने के बाद की देखभाल का खर्च, आईसीयू एवं क्रिटिकल केयर सेवाएं, जांच, दवाइयां, उपभोग सामग्री तथा सर्जरी को भी कवर करती है।
इस अवसर पर जिला परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. विवेक रजोरा, सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. परमजीत सिंह बराड़, जिला नोडल अधिकारी एएसी डॉ. सर्वदीप सिंह रोमाणा, डॉ. किरणबीर कौर, डिप्टी मास मीडिया अधिकारी सुधीर धीर, लखविंदर कैंथ, डॉ. प्रभदीप सिंह चावला, सीनियर फार्मेसी अधिकारी सुनील सिंगला, कुलदीप सिंह, गगनदीप कौर, जिला कोऑर्डिनेटर किसान विंग बलराज सिंह, एम.सी. कमलजीत सिंह तथा अन्य अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।









