पंजाबराजनीति

# पंजाब में केजरीवाल और भगवंत सिंह मान ने पूरी की स्वास्थ्य गारंटी

साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर (मोहाली), 22 जनवरी:
आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब में मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा के अपने वादे को पूरा करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज मोहाली में ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ की शुरुआत की। इस योजना के तहत राज्य के हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। योजना लागू होने से अब वे महंगे निजी अस्पताल भी गरीबों के लिए खोल दिए गए हैं, जो अब तक केवल अमीरों की पहुंच में थे। यह जनसेवा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक और निर्णायक बदलाव है।

आम आदमी पार्टी सरकार के नेतृत्व में पंजाब देश का पहला राज्य बन गया है जिसने महिलाओं के लिए मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा, मुफ्त शिक्षा, मुफ्त बिजली और मुफ्त बस यात्रा की गारंटी दी है। इस अवसर पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सत्ता की भूखी विपक्षी पार्टियां आपसी लड़ाइयों में उलझी रहती हैं और केवल ‘आप’ ही पंजाब का भविष्य सुरक्षित कर सकती है। कार्यक्रम के दौरान अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कुछ पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के कार्ड भी वितरित किए।

मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना की शुरुआत के अवसर पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज का दिन न केवल पंजाब बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा, “आज पंजाब में जो काम हो रहा है, वह शायद 1950 में ही हो जाना चाहिए था। स्वतंत्रता सेनानियों ने संघर्ष इस लिए नहीं किया था कि अंग्रेज जाएं और अपनी सरकारें जनता के लिए कुछ न करें।”

उन्होंने कहा कि पिछले 75 वर्षों में कई सरकारें आईं और गईं, लेकिन किसी ने भी जनता की सही चिंता नहीं की। बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन आम लोग उपेक्षित रहे। उन्होंने कहा कि पंजाब ने आतंकवाद और फिर नशे के कठिन दौर देखे हैं, लेकिन पिछले चार वर्षों का समय पंजाब और देश के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।

चुनावों के दौरान दी गई “केजरीवाल की गारंटियों” का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य गारंटी पर उस समय लोगों को विश्वास नहीं था। कांग्रेस सरकार के दौरान यह कहा जाता था कि खजाना खाली है, लेकिन ‘आप’ सरकार ने साबित कर दिया कि ईमानदारी से सभी गारंटियां पूरी की जा सकती हैं।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज मुफ्त बिजली दी जा रही है, अच्छे स्कूल बनाए गए हैं और लगभग 1,000 मोहल्ला क्लीनिक शुरू किए जा चुके हैं, जबकि 500 और निर्माणाधीन हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 75 वर्षों में केवल 400 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बने थे, जबकि मौजूदा सरकार ने चार वर्षों में ही इससे कहीं अधिक कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि अब सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी नहीं है, आधुनिक मशीनें और मुफ्त दवाइयां उपलब्ध हैं। साथ ही, गंभीर बीमारियों के लिए निजी अस्पतालों में भी इलाज अब गरीब, किसान और मजदूर बिना पैसों की चिंता किए करवा सकेंगे।

केजरीवाल ने स्पष्ट किया कि यह 10 लाख रुपये की बीमा योजना है, जिसके तहत सरकारी और निजी दोनों अस्पतालों में इलाज संभव है। सभी दवाइयां, जांच और उपचार मुफ्त होंगे। पंजाब के लगभग 65 लाख परिवार, बिना किसी आय सीमा या भेदभाव के, इस योजना का लाभ उठाएंगे।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपने संबोधन में कहा कि गुरुओं के ‘सरबत दा भला’ के संदेश पर चलते हुए यह योजना समाज के सभी वर्गों के लिए शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब बिना किसी आय सीमा के स्वास्थ्य योजना लागू की गई है, जिससे पंजाब ने देश के सामने एक नई मिसाल पेश की है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकारी कर्मचारी, पेंशनर और हर नागरिक इस स्वास्थ्य कार्ड के लिए पात्र होंगे। कार्ड सुविधा केंद्रों, कॉमन सर्विस सेंटरों और ऑनलाइन माध्यम से बनाए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि 850 से अधिक सरकारी और निजी अस्पताल पहले ही सूचीबद्ध किए जा चुके हैं और आगे और जोड़े जाएंगे।

इस योजना में 2,356 से अधिक इलाज पैकेज शामिल हैं, जिनमें हृदय रोग, कैंसर, किडनी डायलिसिस व ट्रांसप्लांट, मस्तिष्क व रीढ़ की सर्जरी, प्रसूति एवं नवजात देखभाल, दुर्घटना और आपातकालीन सेवाएं, मोतियाबिंद और जोड़ प्रत्यारोपण जैसी सुविधाएं शामिल हैं। डायग्नोस्टिक सेवाएं भी योजना के अंतर्गत कवर होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब किसी भी नागरिक को पैसों की कमी के कारण इलाज से वंचित नहीं रहना पड़ेगा। आज से जो भी इस योजना के अंतर्गत पंजीकरण करवाएगा, वह तुरंत लाभ पाने का हकदार होगा।

इस अवसर पर ‘आप’ पंजाब के सह-प्रभारी सत्येंद्र जैन, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, हरपाल सिंह चीमा, पार्टी प्रभारी मनीष सिसोदिया, विधायक अमनशेर सिंह शैरी कलसी और कुलवंत सिंह सहित अनेक पार्टी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button