
अमृतसर, 24 जनवरी 2026—
अजनाला विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरदार कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार वर्ष 2026 को पंजाब में ग्रामीण और शहरी बहुआयामी विकास, स्वास्थ्य और शिक्षा क्रांति के रूप में मनाते हुए रंगले पंजाब की सृजना के लिए अनुदानों की कोई कमी नहीं आने देगी और अजनाला विधानसभा क्षेत्र को शहर जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
सरदार धालीवाल ने आज अजनाला शहर में 68.22 लाख रुपये की लागत से 122 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के कार्य की शुरुआत करते हुए कहा कि इन कैमरों के लगने से आपराधिक गतिविधियों में काफी कमी आएगी और ट्रैफिक व्यवस्था में भी सुधार होगा। उन्होंने बताया कि इसका कंट्रोल रूम अजनाला थाने में बनाया गया है, जहां पुलिस कर्मचारी दिन-रात कैमरों के माध्यम से शहर की निगरानी करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि कैमरे लगाने का काम आज से शुरू कर दिया गया है और आने वाले 15–20 दिनों के भीतर सभी कैमरे स्थापित कर दिए जाएंगे।
इसके उपरांत सरदार धालीवाल ने अजनाला विधानसभा क्षेत्र के गांव रामदास में 7.66 करोड़ रुपये की लागत से तथा अजनाला बाइपास पर 6.62 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़कों का शिलान्यास करते हुए कहा कि इन सड़कों के निर्माण से लोगों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि अजनाला शहर की सभी सड़कों को आपस में जोड़ा जा रहा है, ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सरदार धालीवाल ने कहा कि स्वास्थ्य क्रांति के तहत राज्य भर के 65 लाख परिवारों अर्थात लगभग 3 करोड़ आबादी को 10 लाख रुपये तक की मुफ्त स्वास्थ्य बीमा योजना लागू कर दी गई है और यह योजना लागू करने वाला पंजाब देश का पहला राज्य होगा। इस मुफ्त स्वास्थ्य योजना के तहत लाभार्थियों के लिए न तो जाति वर्ग और न ही आय सीमा की कोई शर्त लागू होगी। राज्य के 800 सरकारी अस्पतालों सहित सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में लाभार्थी 2 हजार से अधिक बीमारियों, सर्जरी और उपचार प्रक्रियाओं का लाभ उठा सकेंगे।









