
फरीदकोट, 26 जनवरी 2026
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह स्थानीय नेहरू स्टेडियम में पूरे राष्ट्रीय उत्साह और जोश के साथ आयोजित किया गया। इस समारोह में कैबिनेट मंत्री श्री संजीव अरोड़ा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर जैतो के विधायक सरदार अमोलक सिंह तथा डिप्टी कमिश्नर मैडम पूनमदीप कौर विशेष रूप से उपस्थित थे।
कैबिनेट मंत्री श्री संजीव अरोड़ा ने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट से सलामी ली। अपने संबोधन में उन्होंने देश की तीनों सेनाओं, अर्धसैनिक बलों और सुरक्षा दस्तों के बहादुर जवानों को नमन करते हुए कहा कि इन्हीं की बदौलत देश की संप्रभुता और अखंडता सुरक्षित है। उन्होंने संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहिब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी तथा स्वतंत्रता संग्राम के सभी महान शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कैबिनेट मंत्री श्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि पंजाब बलिदानों की धरती है और देश की आज़ादी में पंजाबियों का योगदान अमूल्य है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार शहीदों के सपनों को साकार करने और संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप जनकल्याण को प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने पंजाब सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि “मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना” के तहत हर परिवार को सालाना 10 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा प्रदान की जा रही है। इसके अलावा महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा, 300 यूनिट मुफ्त बिजली तथा युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने राज्य में चल रहे विकास कार्यों, नशों के खिलाफ युद्ध, मुफ्त बिजली योजना, एंटी-गैंगस्टर फोर्स, किसानों के लिए मुफ्त बिजली, सरकारी स्कूलों के विकास, शिक्षकों को प्रशिक्षण आदि विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर बी.एस.एफ., पंजाब पुलिस, महिला विंग और एन.सी.सी. की टुकड़ियों द्वारा शानदार मार्च पास्ट किया गया। विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने पी.टी. शो, सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति से संबंधित प्रस्तुतियां, गिद्धा और भंगड़ा आदि पेश किए। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याण और विकास कार्यों को दर्शाती आकर्षक झांकियां भी निकाली गईं। इस दौरान पी.एस.पी.सी.एल. की झांकी ने पहला स्थान, दशमेश पब्लिक स्कूल फरीदकोट के बैंड ने पहला स्थान तथा बी.एस.एफ. ने परेड में पहला स्थान हासिल किया।
समारोह के दौरान शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशेष उपलब्धियां हासिल करने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जरूरतमंदों को ट्राईसाइकिल और सिलाई मशीनें भी वितरित की गईं। परेड का नेतृत्व डी.एस.पी. अवतार सिंह राजपाल द्वारा किया गया।
इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर मैडम पूनमदीप कौर और एस.एस.पी. डॉ. प्रज्ञा जैन द्वारा कैबिनेट मंत्री श्री संजीव अरोड़ा को सम्मानित किया गया।
इससे पहले कैबिनेट मंत्री श्री संजीव अरोड़ा के बाबा फरीद यूनिवर्सिटी के गेस्ट हाउस फरीदकोट पहुंचने पर डिप्टी कमिशनर मैडम पूनमदीप कौर द्वारा उनका स्वागत किया गया और पुलिस टुकड़ी द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
इस अवसर पर जिला सेशन जज श्री संजीव जोशी, वी.सी. डॉ. राजीव सूद, श्रीमती निलांबरी जगदले (आई.जी.), मैडम बेअंत कौर सेखों (सूचना आयुक्त), श्री संदीप धालीवाल, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) मैडम हरजोत कौर, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (वि.) श्री संजीव मल्होत्रा, एस.डी.एम. फरीदकोट मेजर वरुण कुमार, सहायक कमिश्नर (ज) सरदार गुरकिरनदीप सिंह, सिविल सर्जन डॉ. चंदर शेखर कक्कड़, डी.आर.ओ. मैडम लवप्रीत कौर, जनाब मोहम्मद सादिक (पूर्व सांसद), श्री ओपिंदर शर्मा (पूर्व मंत्री), गुरतेज सिंह खोसा (चेयरमैन जिला योजना बोर्ड एवं जिला अध्यक्ष आम आदमी पार्टी), चेयरमैन इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट सरदार गगनदीप सिंह, अमनदीप सिंह बाबा (चेयरमैन मार्केट कमेटी फरीदकोट), रमणदीप मुमारा (चेयरमैन मार्केट कमेटी सादिक), जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) मैडम नीलम रानी, जिला शिक्षा अधिकारी (एलीमेंट्री) मैडम अंजना कौंसल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सेना, बी.एस.एफ. के अधिकारी और स्कूली विद्यार्थी उपस्थित थे।









