
श्री मुक्तसर साहिब, 26 जनवरी:
पंजाब के कैबिनेट मंत्री श्री लालजीत सिंह भुल्लर ने आज गणतंत्र दिवस के गौरवमयी अवसर पर श्री मुक्तसर साहिब में आयोजित जिला स्तरीय समारोह के दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके उपरांत उन्होंने पंजाब पुलिस, होम गार्ड्स तथा अन्य टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत किए गए मार्च पास्ट से सलामी ली।
इस अवसर पर देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सरकारी योजनाओं को दर्शाती झांकियों तथा स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियों ने समारोह को रंगीन बना दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पंजाब सरकार संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करते हुए जनकल्याण, सामाजिक न्याय और विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार महान शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि शहीदों के परिवारों, सैनिकों और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए एक्स-ग्रेशिया राशि 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये कर दी गई है तथा स्वतंत्रता सेनानियों की पेंशन 11 हजार रुपये प्रतिमाह कर दी गई है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत पंजाब और चंडीगढ़ के 900 से अधिक अस्पतालों में 10 लाख रुपये तक का मुफ्त कैशलेस इलाज प्रदान किया जा रहा है। इसके अलावा 881 आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से लाखों लोग मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा जारी है और नशों के खिलाफ अभियान ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ के तहत हजारों तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। युवाओं को रोजगार देने के लिए 63 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।
उन्होंने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली, किसानों को खेती के लिए मुफ्त बिजली तथा शिक्षा क्षेत्र में बड़े सुधार किए गए हैं। पंजाब ने नेशनल अचीवमेंट सर्वे 2024 में पहला स्थान हासिल किया है।
जिले के विकास के बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया कि श्री मुक्तसर साहिब और मलोट शहर में सीवरेज, जल आपूर्ति और बुनियादी ढांचे के लिए करोड़ों रुपये की परियोजनाएं शुरू की गई हैं। साथ ही मलोट शहर को सौगात देते हुए ‘वेलकम टू मलोट’ परियोजना के तहत एक भव्य स्वागत पार्क का निर्माण किया गया है।
अपने संबोधन में उन्होंने सड़क सुरक्षा फोर्स (एस.एस.एफ.) का उल्लेख करते हुए कहा कि पंजाब सरकार द्वारा स्थापित इस फोर्स ने सड़क हादसों के दौरान बिना देरी के घायलों की मदद कर हजारों लोगों की जान बचाई है। उन्होंने कहा कि एस.एस.एफ. ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर आगे होने वाले हादसों से भी हजारों लोगों को बचाया है। इस फोर्स में तैनात युवा लड़कों और लड़कियों की मंत्री ने विशेष रूप से सराहना की।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय सेवाएं देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।
इस मौके पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राज कुमार, विधायक श्री जगदीप सिंह काका बराड़, डिप्टी कमिश्नर श्री अभिजीत कपलिश, एस.एस.पी. श्री अभिमन्यु राणा, मुख्यमंत्री क्षेत्रीय अधिकारी श्री शिवांश अस्थाना, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (न्यायिक) श्री गुरप्रीत सिंह थिंद, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) श्री सुरिंदर ढिल्लों, उप मंडल मजिस्ट्रेट श्रीमती बलजीत कौर, चेयरमैन जिला योजना बोर्ड श्री सुखजिंदर सिंह काउनी, जिला प्रधान श्री जशनजीत सिंह बराड़, चेयरमैन सहकारी बैंक श्री जगदेव सिंह बाम सहित जिला प्रशासन, पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।









