
मलोट, श्री मुक्तसर साहिब, 14 फरवरी —
मलोट हलके में आज विकास की एक नई सुबह की शुरुआत हुई, जब कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर द्वारा शिक्षा, सड़क सुविधाओं, वित्तीय सेवाओं और खेलों से जुड़े कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर मंत्री बलजीत कौर ने कहा कि ये पहलें न केवल क्षेत्र के भौतिक विकास को मजबूत करती हैं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से भी नई दिशा प्रदान करती हैं।
गांव फकरसर में नई लाइब्रेरी का उद्घाटन करते हुए डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पुस्तकालय ज्ञान की ज्योति होते हैं, जो युवाओं के मन में समझ, विवेक और सपनों की चमक जगाते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने और युवाओं को सशक्त बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित है। इस मौके पर गांव में नवनिर्मित सड़कों का भी उद्घाटन किया गया, जिससे आवागमन की सुविधाएं बेहतर होंगी और लोगों के दैनिक जीवन में सुगमता आएगी।
मलोट शहर में दानेवाला चौक से छापियांवाली रोड, श्री गुरु नानक देव जी चौक से अबोहर रोड तथा मलोट से पन्नीवाला रोड जैसी महत्वपूर्ण सड़कों के उद्घाटन अवसर पर उन्होंने बताया कि लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही ये सड़कें शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी गति प्रदान करेंगी। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि मलोट क्षेत्र की शेष सड़कों के निर्माण के लिए भेजे गए अनुमानों पर क्रमबद्ध कार्रवाई करते हुए जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त पन्नीवाला से श्री मुक्तसर साहिब तक सड़क निर्माण कार्य को भी शीघ्र आरंभ करने की प्रक्रिया जारी है।
नशों के खिलाफ चल रही मुहिम पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में “युद्ध नशों के विरुद्ध” अभियान सामाजिक जागरूकता का एक बड़ा आंदोलन बन चुका है। गांव स्तर पर गठित समितियां घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रही हैं और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कानून की पकड़ को मजबूत किया जा रहा है।
गांव तरखाणवाला में बैंक शाखा के उद्घाटन समारोह में शामिल होते हुए उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर बैंकिंग सुविधाओं की उपलब्धता से लोगों को वित्तीय लेन-देन में आसानी होगी और सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सीधे रूप में पात्र लोगों तक पहुंचेगा।
इसके साथ ही गांव महाबद्धर में आयोजित खेल टूर्नामेंट में शिरकत करते हुए डॉ. बलजीत कौर ने युवाओं को प्रेरित किया कि खेल एक स्वस्थ और अनुशासित जीवन की नींव हैं, जो नशों से दूर रहने और सकारात्मक सोच को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर डायरेक्टर को-ऑपरेटिव बैंक सिमरनजीत सिंह, बलराम एसडीओ लोक निर्माण विभाग (बी एंड आर शाखा), सुखपाल सिंह सरपंच एवं प्रधान ट्रक यूनियन, बिट्टू जटाना ब्लॉक समिति सदस्य, गुरमेल सिंह सरपंच घुमियारा, टोनी गर्ग, गुरमीत सिंह विर्दी, कुलदीप सिंह ब्लॉक प्रधान, ऊंकार जटाना, हरमेल सिंह संधू काउंसलर, गगनदीप सिंह औलख, करमजीत शर्मा, हरमेश अर्नीवाला मीडिया इंचार्ज, लव बत्तरा, कैबिनेट मंत्री के पी.ए. शिंदरपाल सिंह तथा निजी सहायक अर्शदीप सिंह सिद्धू सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।









