
चंडीगढ़, 27 फरवरी:
पंजाब राज्य खाद्य आयोग की पहल पर सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री, पंजाब डॉ. बलजीत कौर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा, पोषण और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को और मजबूत करना था।
बैठक में पंजाब राज्य खाद्य आयोग के चेयरमैन बाल मुकंद शर्मा तथा सदस्य विजय दत्त और चेतन प्रकाश धालीवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया। इस अवसर पर सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव गुरकीरत कृपाल सिंह, आईएएस तथा निदेशक शेना अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
बैठक के दौरान डॉ. बलजीत कौर ने खाद्य सुरक्षा और पोषण से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि सरकार की खाद्य सुरक्षा योजना के तहत पात्र संस्थाओं को प्रति व्यक्ति प्रति माह 15 किलोग्राम अनाज सब्सिडी दरों पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। यह सुविधा पिंगलवाड़ा संस्थानों, वृद्धाश्रमों, बेसहारा घरों सहित मान्यता प्राप्त कल्याणकारी संस्थाओं, अनुसूचित जाति की छात्राओं के लिए छात्रावासों तथा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के स्कूलों तक निरंतर बढ़ाई जानी चाहिए।
इसके अलावा, वृद्धाश्रमों में रहने वाले पात्र बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन देने और पिंगलवाड़ा सहित अन्य गैर-मान्यता प्राप्त संस्थाओं के निवासियों को मिड-डे मील योजना का लाभ देने से संबंधित मामलों पर भी डॉ. बलजीत कौर की अगुवाई में गंभीर विचार-विमर्श किया गया।
चेयरमैन बाल मुकंद शर्मा द्वारा जर्जर अवस्था में मौजूद आंगनवाड़ी केंद्रों की मरम्मत और निर्माण की आवश्यकता उठाए जाने पर मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया, ताकि उपलब्ध फंडों का सार्वजनिक हित में प्रभावी और समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में पोषण वाटिका योजना के तहत रसोई बाग और औषधीय बाग विकसित करने, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को नियमित प्रशिक्षण प्रदान करने तथा कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और दक्षता लाने के लिए उन्हें मोबाइल फोन उपलब्ध कराने संबंधी सुझावों पर भी विचार किया गया।
इस अवसर पर डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार लोक-कल्याणकारी नीतियों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र लाभार्थी तक पारदर्शी, समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
बैठक को सकारात्मक बताते हुए डॉ. बलजीत कौर ने भरोसा दिलाया कि आयोग द्वारा दिए गए सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार कर उन्हें चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा और जनहित में आवश्यक सभी कदम उठाए जाएंगे।
इस बैठक में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग से वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कमल कुमार गर्ग, मिड-डे मील योजना के प्रभारी, जनरल मैनेजर वरिंदर बराड़ तथा सामाजिक सुरक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।









