
चंडीगढ़, 28 फरवरी 2026:
आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मंत्री, विधायक और वरिष्ठ नेताओं ने रविवार (1 मार्च) को सुबह 11 बजे जंतर-मंतर, दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की जनसभा में भाग लेने के लिए दिल्ली पहुंचने का कार्यक्रम बनाया है।
‘आप’ पंजाब के महासचिव और मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने बताया कि पंजाब की पूरी नेतृत्व टीम अरविंद केजरीवाल के साथ दृढ़ता से खड़ी है और जंतर-मंतर पर पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ शामिल होगी। उन्होंने कहा कि पंजाब के नेता और स्वयंसेवक इस रैली के माध्यम से पार्टी की एकजुटता दिखाने और राष्ट्रीय संयोजक द्वारा भविष्य की रूपरेखा पर चर्चा सुनने के लिए बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचेगे।
बलतेज पन्नू ने कहा कि यह रैली एक महत्वपूर्ण मोड़ पर हो रही है, जो कथित शराब कांड मामले में अरविंद केजरीवाल और ‘आप’ नेताओं को दोषमुक्त करने के अदालती फैसले के बाद आई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों के लोगों की तरह पंजाब के लोग भी अरविंद केजरीवाल की ईमानदारी और पारदर्शी राजनीति पर भरोसा रखते हैं। सच्चाई की जीत हुई है।
‘आप’ पंजाब के प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि यह रैली भाजपा की आप और इसके नेतृत्व के खिलाफ साजिशों का पर्दाफाश करेगी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक सत्ता हासिल करने के लिए आम आदमी पार्टी के ईमानदार नेताओं की छवि को खराब करने की जानबूझकर कोशिश की गई थी, लेकिन लोग इन हत्कंडों को समझ चुके हैं।
कुलदीप सिंह धालीवाल ने आगे कहा कि जंतर-मंतर से उठने वाली आवाज पूरे देश में गूंजेगी और उन लोगों को प्रेरित करेगी जो पारदर्शी शासन और जनता-पक्षीय नीतियों में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब अरविंद केजरीवाल के साथ मजबूती से खड़ा है। यह रैली न केवल झूठे आरोपों का जवाब देगी, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति के लिए नई दिशा भी तय करेगी।
‘आप’ पंजाब की नेतृत्व टीम ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से आग्रह किया कि वे अनुशासन बनाए रखें और रैली की सफलता सुनिश्चित करें। इस आयोजन को देश के राजनीतिक सफर में एक महत्वपूर्ण पल के रूप में देखा जा रहा है।









