
मानसा, 4 मार्च:
वरिष्ठ कप्तान पुलिस भागीरथ सिंह मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि मानसा पुलिस ने 27 फरवरी 2026 को थाना सरदूलगढ़ क्षेत्र के शैलर रोड स्थित एक फार्म हाउस में हुए दो व्यक्तियों के अंधे कत्ल के मामले को ट्रेस कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
विवरण साझा करते हुए एस.पी. (इन्वेस्टिगेशन) मनमोहन सिंह औलख ने बताया कि 27 फरवरी 2026 को थाना सरदूलगढ़ पुलिस को सूचना मिली थी कि शैलर रोड स्थित एक फार्म हाउस में जसवीर सिंह उर्फ काका (पुत्र रमेश कुमार, निवासी सरदूलगढ़) और बलदेव सिंह (पुत्र तेजा सिंह, निवासी मीरपुर खुर्द) की हत्या कर दी गई है। इस संबंध में अशोक कुमार के बयान पर मुकदमा नंबर 50, दिनांक 27.02.2026, धारा 103, 3(5) बी.एन.एस. के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उप कप्तान पुलिस (एस.डी.) मनजीत सिंह तथा उप कप्तान पुलिस (इन्वेस्टिगेशन) जसविंदर सिंह की निगरानी में विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने वैज्ञानिक तरीके से जांच करते हुए गुरप्रीत सिंह (35 वर्ष) उर्फ निउला, पुत्र घोना सिंह, निवासी वार्ड नंबर 04, सरदूलगढ़ को नामजद कर 4 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी को संदेह था कि मृतक जसवीर कुमार उर्फ काका ने उसके पिता को चाय में कोई पदार्थ मिलाकर पिलाया, जिससे उसके पिता की बीमारी के बाद मृत्यु हो गई। इसके अलावा आरोपी को यह भी शक था कि उसके पालतू कुत्ते की मौत में भी मृतक का हाथ है। इन्हीं शंकाओं के चलते आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर जसवीर कुमार उर्फ काका तथा उसके माली बलदेव सिंह की हत्या कर दी।
गिरफ्तार आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि मामले में और गहन पूछताछ की जा सके।









