अपराधपंजाबराजनीति

अमृतसर में सीमा पार से चल रहे हथियार तस्करी के मॉड्यूल का भंडाफोड़; नाबालिग समेत छह व्यक्ति पाँच पिस्तौलों सहित गिरफ्तार 🔎🚔

चंडीगढ़/अमृतसर, 6 मार्च: 🚔

 

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से गैर-कानूनी हथियारों की तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पांच आधुनिक पिस्तौल और एक तेजधार हथियार सहित छह व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। यह जानकारी आज यहां डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने दी।

 

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान रोहित कुमार (18) निवासी मकबूलपुरा, अमृतसर; करनबीर सिंह उर्फ अजय (24) निवासी गांव काले, तरनतारन; जशनदीप सिंह उर्फ ज्ञानी (18), ओंकार सिंह उर्फ वंश (21) और आकाशदीप सिंह (24), तीनों निवासी गांव मरी मेघा, तरनतारन तथा एक 16 वर्षीय नाबालिग के रूप में हुई है। बरामद किए गए हथियारों में एक .30 बोर, एक 9 एमएम ग्लॉक, एक .30 बोर पीएक्स5, एक 9 एमएम टॉरस और एक 9 एमएम ग्रेटा (पाकिस्तान निर्मित) तथा 34 जिंदा कारतूस शामिल हैं।

 

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान आधारित तस्करों के संपर्क में थे और ड्रोन के जरिए सीमा पार से हथियारों की खेप प्राप्त करते थे। उन्होंने कहा कि आरोपी अपने हैंडलरों के निर्देशों पर इन हथियारों की खेप प्राप्त कर अलग-अलग क्षेत्रों में उनकी सप्लाई करते थे।

 

डीजीपी ने कहा कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए मामले की आगे-पीछे की कड़ियों को जोड़ने हेतु जांच जारी है।

 

अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रोहित कुमार और एक नाबालिग को काबू कर लिया। उनके कब्जे से एक .30 बोर पिस्तौल और एक तेजधार हथियार बरामद किया गया।

 

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि ये अवैध हथियार उन्हें करनबीर उर्फ अजय ने उपलब्ध कराए थे। इस जानकारी के आधार पर पुलिस टीमों ने करनबीर को भी गिरफ्तार कर लिया।

 

सीपी ने बताया कि करनबीर से आगे की पूछताछ के बाद हथियार सप्लायरों को भी गिरफ्तार कर लिया गया, जिनकी पहचान ओंकार सिंह उर्फ वंश, आकाशदीप सिंह और जशनदीप उर्फ ज्ञानी के रूप में हुई है। इनके कब्जे से चार और पिस्तौल बरामद किए गए हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।

 

इस संबंध में थाना मकबूलपुरा, अमृतसर में आर्म्स एक्ट की धारा 25 (6,7,8) के तहत एफआईआर नंबर 59, दिनांक 28-02-2026 दर्ज की गई है। 🚨

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button