पंजाबराजनीति

गैंगस्टरों पर वार की विदेशों तक मार: जग्गू भगवानपुरिया गिरोह के सदस्य अमृत डालम को मोल्डोवा सीमा से हिरासत में लिया गया।

चंडीगढ़, 7 मार्च:

 

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर शुरू की गई ‘गैंगस्टरों पर वार’ मुहिम के तहत न्याय से बचने के लिए विदेशों में छिपे अपराधियों को ट्रैक कर उन्हें भारत वापस लाने के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। इस कड़ी में वांछित गैंगस्टर अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत डालम को मोल्डोवा सीमा से हिरासत में ले लिया गया है। यह जानकारी आज यहां गौरव यादव, डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब ने दी।

 

उन्होंने बताया कि भगोड़े अमृतपाल डालम को पंजाब पुलिस के अनुरोध पर विदेश मंत्रालय (भारत), केंद्रीय जांच ब्यूरो, इंटरपोल और अन्य केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से जारी किए गए इंटरपोल रेड नोटिस (रेड कॉर्नर नोटिस) के आधार पर हिरासत में लिया गया है।

 

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर पंजाब पुलिस ने हाल ही में इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (आईजीपी) काउंटर इंटेलिजेंस आशीष चौधरी की अगुवाई में ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल (OFTEC) का गठन किया है, ताकि विदेशों में छिपे अपराधियों तक पहुंचकर उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए पंजाब वापस लाने की प्रत्यर्पण प्रक्रिया को तेज किया जा सके।

 

जानकारी के अनुसार बटाला के दालम नंगल गांव का रहने वाला अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत डालम जग्गू भगवानपुरिया गैंग से नजदीकी रूप से जुड़ा हुआ है और वह फर्जी पासपोर्ट की मदद से विदेश फरार हो गया था। आरोपी विशेष रूप से अमृतसर क्षेत्र में बड़ी हस्तियों और कारोबारियों को निशाना बनाकर उनसे फोन पर फिरौती मांगने की गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल रहा है।

 

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि अमृतपाल सिंह पंजाब में नशीले पदार्थों की तस्करी, हत्या, हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित है और लंबे समय से फरार चल रहा था।

 

उन्होंने कहा कि लगातार अंतरराष्ट्रीय समन्वय और पंजाब पुलिस एजेंसियों द्वारा किए गए निरंतर फॉलो-अप के कारण अमृत डालम को हिरासत में लेने में सफलता मिली है। उन्होंने यह भी बताया कि उसकी प्रत्यर्पण/डिपोर्टेशन प्रक्रिया के लिए कानूनी और कूटनीतिक कार्यवाही जारी है, ताकि उसे जल्द से जल्द कानून के कटघरे में खड़ा किया जा सके।

 

डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस का ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल (OFTEC) इस समय विदेशों में छिपे विभिन्न अपराधियों का पता लगाने और उन्हें वापस लाने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button