
चंडीगढ़, 7 मार्च:
ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) द्वारा संपत्तियों की की गई ई-नीलामी, जो शुक्रवार देर रात समाप्त हुई, को निवेशकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है, जिससे गमाडा को 3136.97 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। यह ई-नीलामी 14 जनवरी 2026 को शुरू हुई थी।
ई-नीलामी के लिए पेश की गई कुल 42 में से 37 संपत्तियों की सफल नीलामी को आवास निर्माण और शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बड़ी सफलता बताया। उन्होंने कहा कि लगभग 90 प्रतिशत संपत्तियों के लिए बोली प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि 2018.84 करोड़ रुपये की आरक्षित कीमत वाली इन साइटों की बिक्री 3136.97 करोड़ रुपये में हुई, जो एक ही ई-नीलामी में गमाडा द्वारा अब तक प्राप्त किया गया सबसे अधिक राजस्व है।
हरदीप सिंह मुंडियां ने इस ई-नीलामी की सफलता का श्रेय मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार की निवेशक-अनुकूल नीतियों को देते हुए कहा कि ई-नीलामियों की लगातार सफलता से राज्य में रियल एस्टेट क्षेत्र में बड़े निवेश को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि संपत्ति बाजार के वास्तविक मूल्यांकन और अनुचित कीमतों पर रोक लगाने के उद्देश्य से संपत्तियों की कीमतों को तर्कसंगत बनाने के कदम ने भी नीलामी को शानदार प्रतिक्रिया मिलने में योगदान दिया है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि नीलामी से प्राप्त राजस्व को विकास प्राधिकरण द्वारा अपने अधिकार क्षेत्र में विकास के नए मानक स्थापित करने के लिए खर्च किया जाएगा।









