पंजाबराजनीति

नंगल में विकास की लहर, गांवों से शहर तक बदल रही तस्वीर – हरजोत बैंस

नंगल, 22 मार्च :

पंजाब के कैबिनेट मंत्री और श्री आनंदपुर साहिब से विधायक हरजोत सिंह बैंस ने नंगल के सेवा सदन में आयोजित जनता कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि इस समय पूरे हलके में विकास की “लहर” चल रही है और गांवों से लेकर शहर तक हर क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। लगभग 80 गांवों में फिरनियों (गलियों) का निर्माण जारी है, जबकि 200 किलोमीटर से अधिक सड़कों की चौड़ाई बढ़ाकर 18 फीट की जा रही है। इसके साथ ही सिंचाई और अन्य बुनियादी ढांचे के प्रोजेक्ट भी तेजी से चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि 50 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बाढ़ से बचाव के लिए पहले से ही पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं, जिनमें क्रेट वॉल और तटबंध बनाए जा रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि नंगल शहर में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या को हल करने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। कई वार्डों में पानी की कमी थी, जबकि कुछ स्थानों पर पानी की गुणवत्ता खराब थी। इस समस्या के समाधान के लिए 17 करोड़ रुपये की लागत से वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता बढ़ाई जा रही है। दोनों प्लांटों को नया बनाकर शहर के दोनों छोरों से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, जिससे नंगल पंजाब का पहला शहर बनेगा जहां 100 प्रतिशत सतलुज का शुद्ध पानी उपलब्ध होगा।

उन्होंने कहा कि नंगल में 24 घंटे निरंतर जल आपूर्ति सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस प्रोजेक्ट के लिए पिछले ढाई वर्षों से लगातार प्रयास किए जा रहे थे और अब ठेकेदार की नियुक्ति भी हो चुकी है। जल्द ही इस महत्वपूर्ण परियोजना का काम शुरू होगा, जिससे लोगों को उच्च गुणवत्ता वाला पीने योग्य पानी मिलेगा।

उन्होंने पंजाब सरकार के अन्य फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि लोगों को राहत देने के लिए 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है और 21 टोल प्लाजा बंद किए गए हैं, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिली है।

कैबिनेट मंत्री ने नंगल और श्री आनंदपुर साहिब के व्यापार को बढ़ावा देने के लिए लोगों से स्थानीय बाजारों से खरीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नंगल बाजार को आधुनिक रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां नए शॉपिंग आउटलेट, सिनेमा और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में नंगल एक आधुनिक शहर के रूप में उभरेगा और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button