
बरनाला, 23 मार्च
पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा’ योजना के तहत और सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर की अगुवाई में जिला बरनाला से श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाए जा रहे हैं। इसी कड़ी के तहत आज श्रद्धालुओं की बसों को पवित्र नगरी अमृतसर में मत्था टेकने के लिए रवाना किया गया।
डिप्टी कमिश्नर बरनाला श्री हरप्रीत सिंह (आईएएस) ने बताया कि आज जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को पवित्र नगरी के लिए रवाना किया गया। बरनाला से 45 श्रद्धालुओं का जत्था रवाना हुआ। इसी तरह गांव कलाल माजरा से 42 श्रद्धालुओं को बसों के माध्यम से गुरु नगरी के दर्शन के लिए भेजा गया। वहीं भदौड़ से 45 श्रद्धालुओं को पवित्र नगरी के धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन के लिए रवाना किया गया।
उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार के निर्देशों के तहत श्रद्धालुओं के लिए सभी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इस योजना के अंतर्गत श्रद्धालुओं के सफर, उत्तम भोजन और ठहरने की पूरी व्यवस्था सरकार द्वारा की गई है। इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को श्री अमृतसर साहिब में स्थित विभिन्न धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन करवाए जा रहे हैं।









