
चंडीगढ़ / एस.ए.एस. नगर, 25 मार्च :
पंजाब के सामाजिक न्याय, सशक्तिकरण और अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने आज बताया कि भगवंत मान सरकार ने शैक्षणिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पंजाब को अनुसूचित जाति और अन्य विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति वितरित करने में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान दिलाया है। इसके अलावा सरकार द्वारा पूरी सक्रियता के साथ हर जिले और लाभार्थी तक कल्याणकारी योजनाएं पहुंचाई जा रही हैं।
मोहाली के कलक्ट्रेट भवन में छह जिलों को कवर करने के लिए टूल किट वितरण और जागरूकता कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने मौजूदा सरकार के दौरान हुई शैक्षणिक प्रगति पर प्रकाश डालते हुए कहा, “पंजाब ने अनुसूचित जाति और अन्य विद्यार्थियों को शिक्षा की ओर अधिक प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छात्रवृत्ति वितरण में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया है। भगवंत मान सरकार के कार्यकाल के दौरान लगभग 10 लाख विद्यार्थियों ने अपने मनचाहे क्षेत्रों में शिक्षा प्राप्त की है।”
भगवंत मान सरकार के कौशल विकास और आत्मनिर्भरता पर ध्यान केंद्रित करने के बारे में उन्होंने कहा, “आई.टी.आई. के विद्यार्थियों को टूल किटों का वितरण, एस.सी. विद्यार्थियों के लिए मुफ्त पाठ्य-पुस्तकें और टूल किटें इस योजना का हिस्सा हैं, जो 100 प्रतिशत पंजाब सरकार द्वारा वित्तपोषित है। इस पहल के तहत पहले चरण में एस.ए.एस. नगर, रूपनगर, शहीद भगत सिंह नगर, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब और लुधियाना के 630 विद्यार्थियों को कवर करते हुए राज्य की 32 सरकारी आई.टी.आई. के कुल 1506 विद्यार्थी लाभान्वित होंगे।”
इस विशेष पहल की अहमियत पर जोर देते हुए मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने आगे कहा, “इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देकर कौशल आधारित रोजगार के माध्यम से बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करना है।”
कल्याणकारी योजनाओं के विस्तार के बारे में उन्होंने कहा, “पहले पंजाब के केवल दो जिले भारत सरकार के अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति कार्यक्रम का लाभ लेने के पात्र थे, लेकिन पंजाब सरकार के निरंतर प्रयासों से अब इस योजना को सभी जिलों तक विस्तारित कर दिया गया है।”
इन प्रयासों के पीछे की सामाजिक चेतना का उल्लेख करते हुए मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा, “बाबा साहेब अंबेडकर जैसे समाज सुधारकों और सिख धर्म की शिक्षाओं ने जाति आधारित भेदभाव को समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और पंजाब सरकार आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को ऊपर उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।”
विधायक कुलवंत सिंह और विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “टूल किटें आई.टी.आई. विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने और सम्मानजनक जीवन जीने में मदद करेंगी। पंजाब सरकार सभी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
प्रमुख सचिव वी. के. मीणा ने विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी, जबकि निदेशक विंमी भुल्लर ने उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया और योजना के मुख्य पहलुओं पर प्रकाश डाला।
ए.डी.सी. (ग्रामीण विकास) सोनम चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन किया और कमजोर वर्गों के लिए कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई।









