
चंडीगढ़/एस.ए.एस. नगर, 25 मार्च:
स्कूली शिक्षा में नवीन तकनीकों को शामिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा एआई हैकाथॉन आयोजित किया गया, जो अपनी तरह के पहले पायलट प्रोजेक्ट का ग्रैंड फिनाले साबित हुआ। इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य विद्यार्थियों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence) कौशल को बढ़ावा देना है। यह पहल First Academy of Artificial Intelligence और Skilliarium के सहयोग से शुरू की गई, जिसके तहत पंजाब के 22 स्कूलों के 1000 से अधिक विद्यार्थियों और 22 शिक्षकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
पीएसईबी और इस कार्यक्रम के विजेताओं को बधाई देते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा, “इस प्रोजेक्ट के माध्यम से विद्यार्थियों में नवाचार, तकनीकी कौशल, रचनात्मकता और नेतृत्व गुणों को बढ़ावा दिया गया है। इससे उन्हें भविष्य के उद्यमी बनने के लिए प्रेरित किया गया। इस पहल के तहत एआई आधारित एप्लिकेशनों के प्रभावी उपयोग के लिए 12 सप्ताह की लाइव और इंटरैक्टिव ऑनलाइन कक्षाएं आयोजित की गईं।”
उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग आने वाले शैक्षणिक सत्र में इस एआई कौशल विकास कार्यक्रम को राज्य के और अधिक स्कूलों तक विस्तार देने की योजना बना रहा है। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि हमारे बच्चों को भविष्य के लिए तैयार करने का प्रयास है। एआई अब केवल भविष्य का विषय नहीं, बल्कि वर्तमान की भाषा बन चुका है।”
मंत्री ने कहा कि यह एआई हैकाथॉन विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल को और मजबूत करेगी तथा नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करेगी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से यह स्पष्ट होता है कि जब विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन और अवसर मिलते हैं, तो वे उच्च स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। यह पहल मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार की तकनीकी शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
पीएसईबी के चेयरमैन डॉ. अमरपाल सिंह ने बताया कि इस हैकाथॉन में 20 स्कूलों के 60 विद्यार्थियों (प्रत्येक स्कूल से तीन) ने भाग लिया। प्रत्येक टीम को अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने के लिए एक घंटे का समय दिया गया, जिसका मूल्यांकन एआई विशेषज्ञों के पैनल द्वारा किया गया। प्रतिभागियों ने तकनीकी नवाचार, वीडियो निर्माण, बिजनेस प्लानिंग और वेब डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया।
उन्होंने बताया कि शीर्ष तीन टीमों को प्रमाण पत्रों के साथ नकद पुरस्कार दिए गए। 11,000 रुपये का प्रथम पुरस्कार आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खटकड़ कलां (एस.बी.एस. नगर) को मिला, जबकि 5,100 रुपये का द्वितीय पुरस्कार रविंदर खुल्लर मेमोरियल जी.एम. मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मॉडल टाउन (जालंधर) ने प्राप्त किया और 3,100 रुपये का तृतीय पुरस्कार शहीद ऊधम सिंह वाला सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लड़के), सुनाम (संगरूर) को मिला।
इसके अलावा जी.टी.बी. खालसा सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, दसूहा (होशियारपुर) तथा सरकारी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मंडी गोबिंदगढ़ (फतेहगढ़ साहिब) को भी 3,100 रुपये के प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए।









