
चंडीगढ़, 25 मार्च:
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के दौरान काउंटर इंटेलिजेंस कार्यालय, जिला पटियाला में तैनात सहायक सब-इंस्पेक्टर हरपाल सिंह को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
यह जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को तहसील नाभा, जिला पटियाला के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
प्रवक्ता के अनुसार, शिकायतकर्ता के एक रिश्तेदार के वर्ष 2023 में खालिस्तानी गतिविधियों में शामिल होने संबंधी जांच की गई थी। इस संबंध में आरोपी एएसआई ने शिकायतकर्ता को काउंटर इंटेलिजेंस कार्यालय बुलाया और कहा कि वह भी अपने रिश्तेदार के साथ इन गतिविधियों में शामिल था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी एएसआई ने उसके पक्ष में रिपोर्ट जारी करने के बदले 20,000 रुपये की रिश्वत की मांग की, जो शिकायतकर्ता को विदेश जाने के लिए आवश्यक थी।
किसी भी प्रकार की गैरकानूनी रिश्वत देने से इनकार करते हुए शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो, रेंज पटियाला से संपर्क किया। प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी को शिकायतकर्ता से 20,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
इस संबंध में आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना पटियाला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।









