
चंडीगढ़, 25 मार्च 2026:
पंजाब में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने बुधवार को भगवंत सिंह मान सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर राज्य स्तरीय बड़े जन अभियान की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रमुख क्षेत्रों में बदलाव लाते हुए पारदर्शी, जवाबदेह और जन-पक्षीय शासन प्रदान किया है।
उन्होंने बताया कि यह अभियान अगले 10 दिनों में 16,000 रैलियों, जनसभाओं और नुक्कड़ बैठकों के माध्यम से सरकार का रिपोर्ट कार्ड सीधे लोगों तक पहुंचाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि कल से यह व्यापक जन अभियान शुरू होगा, जिसके तहत पूरे पंजाब में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह मुहिम अरविंद केजरीवाल की विचारधारा और भगवंत मान सरकार के चार साल के कामकाज को जनता तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में मंत्री, विधायक, चेयरमैन, सरपंच, पंच, एमसी, जिला अध्यक्ष और पार्टी वॉलंटियर शामिल होंगे, जो गांव-गांव, गली-गली और घर-घर जाकर सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे।
अमन अरोड़ा ने कहा, “हम अपना चार साल का रिपोर्ट कार्ड हर घर तक लेकर जाएंगे। हम राजनीति करने नहीं, बल्कि राजनीति बदलने आए हैं। हमारी राजनीति ईमानदारी और काम पर आधारित है।”
उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया गया है। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े बदलाव किए गए हैं। 881 आम आदमी क्लीनिक पहले से चल रहे हैं और जल्द ही 100 से अधिक नए क्लीनिक शुरू किए जाएंगे, जिससे कुल संख्या 1000 तक पहुंच जाएगी।
खेल ढांचे के बारे में उन्होंने बताया कि 3000 खेल स्टेडियम बनाए जा चुके हैं और 6000 से अधिक निर्माणाधीन हैं। सरकार का लक्ष्य हर गांव में खेल मैदान उपलब्ध कराना है, ताकि युवा नशों से दूर रह सकें।
वित्तीय चुनौतियों के बावजूद विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र द्वारा ग्रामीण विकास फंड के 8300 करोड़ रुपये रोके जाने के बावजूद राज्य में 40,000 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। सड़क सुरक्षा फोर्स का रिस्पॉन्स टाइम 4-5 मिनट है, जिससे हजारों लोगों की जान बचाई गई है।
कृषि क्षेत्र में सुधार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नहरी पानी अब खेतों के अंतिम छोर तक पहुंच रहा है, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिली है। साथ ही किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि आबकारी राजस्व 27,000 करोड़ से बढ़कर लगभग 57,000 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि जीएसटी संग्रह 30,000 करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। 65,000 से ज्यादा सरकारी नौकरियां पूरी पारदर्शिता और मेरिट के आधार पर दी गई हैं।
अंत में उन्होंने कहा कि पार्टी अपने वादों से बढ़कर काम करने में विश्वास रखती है और लोगों के समर्थन की अपेक्षा करती है।









