
जालंधर, 1 अप्रैल:
पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी एवं रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने आज पुलिस अधिकारियों को ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ पहल के तहत जिले में नशा विरोधी कार्रवाई को और तेज करने के निर्देश दिए।
सीनियर पुलिस अधिकारियों और शहर के नगर पार्षदों के साथ बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि नशों के खिलाफ अभियान के शानदार परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने राज्य से नशों के खात्मे के लिए बहु-आयामी रणनीति अपनाई है।
श्री भगत ने कहा कि इस रणनीति में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ नशे की लत से प्रभावित युवाओं के उचित पुनर्वास को सुनिश्चित करना भी शामिल है। उन्होंने आगे कहा कि पुलिस ने बड़े तस्करों को गिरफ्तार कर सप्लाई चेन को तोड़ दिया है, जबकि नशे के आदी लोगों के इलाज और रिकवरी के लिए भी प्रभावी कदम उठाए गए हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि नशों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई के तहत पंजाब सरकार द्वारा गांव और वार्ड स्तर पर डिफेंस कमेटियां भी बनाई गई हैं, ताकि “नशा मुक्त पंजाब” का संदेश लोगों तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने बताया कि एंटी-ड्रग हेल्पलाइन को जनता से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है और बड़ी संख्या में सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। इन इनपुट्स के आधार पर पुलिस ने नशा तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
श्री भगत ने पंजाब सरकार की नशों को पूरी तरह खत्म करने और राज्य को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के विजन के अनुसार “रंगला पंजाब” बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर काउंसलर राज कुमार राजू, ‘आप’ नेता हरसिमरन सिंह बंटी, सुभाष गोरिया और जगदीश समराय भी मौजूद थे।









