
चंडीगढ़, 2 अप्रैल 2026
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत अब तक के सबसे बड़े दावों में से एक के रूप में ₹4 लाख का जीवन-रक्षक ऑपरेशन कैशलेस (नगद रहित) तरीके से किया गया, जो भगवंत मान सरकार की स्वास्थ्य प्रणाली के स्तर और जमीनी प्रभाव को दर्शाता है।
लाभार्थी सुखपाल कौर (37), जो चंडीगढ़ की निवासी हैं, को ‘एओर्टिक डिसेक्शन’ (Aortic Dissection) नामक गंभीर हृदय और रक्त वाहिकाओं की बीमारी के कारण पीजीआईएमईआर (PGIMER) चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया था, जिसके लिए तत्काल सर्जरी की आवश्यकता थी। इस प्रक्रिया, अस्पताल में भर्ती और विशेष देखभाल का अनुमानित खर्च लगभग ₹4 लाख था, जिसे इतने कम समय में जुटाना परिवार के लिए बहुत कठिन था।
अस्पताल में स्वास्थ्य कार्ड की पुष्टि होते ही इलाज बिना किसी देरी के शुरू कर दिया गया। इस योजना के तहत प्रति परिवार ₹10 लाख तक के बीमा कवर के अंतर्गत पूरी प्रक्रिया कैशलेस पूरी की गई।
परिवार के एक सदस्य ने बताया, “सब कुछ बहुत तेजी से हुआ। हमें बताया गया था कि स्थिति गंभीर है और तुरंत सर्जरी की जरूरत है। इतनी बड़ी राशि का तुरंत प्रबंध करना संभव नहीं था। स्वास्थ्य कार्ड ने यह सुनिश्चित किया कि इलाज में कोई देरी न हो।”
इस मामले के चिकित्सकीय पहलू पर प्रकाश डालते हुए पीजीआई चंडीगढ़ के डॉ. सचिन महाजन ने कहा, “एओर्टिक डिसेक्शन एक नाजुक स्थिति है, जिसमें तत्काल सर्जरी की आवश्यकता होती है। ऐसे मामलों में थोड़ी सी देरी भी जोखिम बढ़ा सकती है। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत स्वास्थ्य कार्ड की सत्यापन के बाद हम बिना वित्तीय मंजूरी का इंतजार किए आगे बढ़ सके, जिससे उच्च जोखिम वाले हृदय रोग मामलों में समय पर और निर्बाध उपचार संभव हो सका।”
सरकार की पहल को दोहराते हुए पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा, “सुखपाल कौर जैसे नाजुक मोड़ पर एक अनमोल जीवन बचा पाना अत्यंत संतोषजनक है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में यह योजना जमीनी स्तर पर वास्तविक प्रभाव डाल रही है, जहां परिवार बिना आर्थिक चिंता के तुरंत इलाज करवा पा रहे हैं।”
लाखों परिवारों को कवर करते हुए और राज्य भर में महंगे इलाज उपलब्ध करवाते हुए यह योजना पंजाब में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को मजबूत कर रही है।
पंजाब सरकार द्वारा लगातार लोगों से अपील की जा रही है कि वे मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत कैशलेस उपचार का लाभ उठाने के लिए निर्धारित केंद्रों पर अपना स्वास्थ्य कार्ड बनवाएं।









