
चंडीगढ़, 2 अप्रैल :
पंजाब खादी एवं ग्राम उद्योग बोर्ड के चेयरमैन श्री गगनदीप सिंह काकू आहलूवालिया ने आज चंडीगढ़ स्थित बोर्ड के कार्यालय में वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
गगनदीप सिंह काकू आहलूवालिया ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना (PMEGP) की प्रगति के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में खादी और ग्राम उद्योग क्षेत्र ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि बोर्ड की योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ बेरोजगार युवाओं को स्व-रोजगार के अवसर भी प्रदान किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान बोर्ड द्वारा PMEGP योजना के तहत 457 इकाइयां स्थापित करके 5027 युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाया गया। इन 457 इकाइयों के लाभार्थियों को 32 करोड़ 77 लाख 85 हजार रुपये की सब्सिडी भी दी गई। इनमें से लगभग 100 इकाइयां 1 लाख से 10 लाख रुपये तक, 204 इकाइयां 10 लाख से 24 लाख रुपये तक और 153 इकाइयां 25 लाख रुपये से 1 करोड़ रुपये तक की लागत वाली स्थापित की गईं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए भरपूर प्रयास किए जाएं और बोर्ड की सभी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही हर जिले और गांव तक इन योजनाओं की पहुंच बनाई जाए ताकि अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को इसका लाभ मिल सके।
इस अवसर पर बोर्ड के सदस्य सचिव श्री रमणदीप सिंह, सुपरिटेंडेंट श्री दविंदर सिंह, वरिष्ठ सलाहकार श्री अमित चोपड़ा, श्री अप्रीत गुप्ता, श्री जिया शाह, श्री गुरजंट सिंह पूनियां, श्रीमती मंजू शर्मा, श्रीमती अमितप्रीत कौर, मिस राधिका और श्री संदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।









