
भदौड़/तपा, 7 अप्रैल —
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा राज्य के लोगों को उनकी संपत्तियों का वास्तविक मालिकाना हक देने के उद्देश्य से चलाई जा रही ‘मेरा घर मेरा नाम’ योजना के तहत हल्का भदौड़ के गांव दीपगढ़ में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर हल्का विधायक लाभ सिंह उग्गोके द्वारा गांव के लाल लकीर के अंदर रहने वाले परिवारों को उनके घरों की रजिस्ट्रियां वितरित की गईं।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक लाभ सिंह उग्गोके ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार लोगों से किए हर वादे को पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि गांवों में लाल लकीर के भीतर रहने वाले लोगों के पास अपने घरों के कानूनी दस्तावेज न होने के कारण उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब इस योजना के माध्यम से उन्हें उनके घरों का वास्तविक मालिक बना दिया गया है।
उन्होंने बताया कि रजिस्ट्रियां मिलने के बाद अब लोग अपने घरों पर बैंक ऋण और अन्य सुविधाएं भी प्राप्त कर सकेंगे।
इस कार्यक्रम के दौरान एस.डी.एम. तपा श्री आयुष गोयल भी उपस्थित रहे, जिन्होंने योजना की तकनीकी बारीकियों और सरकार के इस जन-हितैषी निर्णय के बारे में जानकारी दी।
इस मौके पर गांववासियों ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और विधायक लाभ सिंह उग्गोके का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार ने उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा कर बड़ी राहत दी है।
इस अवसर पर अन्य लोगों में अमृत ढिल्लवां (चेयरमैन, मार्केट कमेटी भदौड़), सरपंच अंग्रेज सिंह दीपगढ़, नेता जोगिंदर सिंह मठाड़ू, गुरतेज सिंह धालीवाल (प्रधान, ट्रक यूनियन तपा), माल विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित थे।









